आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सोमवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब फ्लाइट में अचानक तकनीकि खराबी आ गई। हालांकि एयरपोर्ट अथाॅरिटी के हाथपाव तब फूल गए जब ये पता चला कि फ्लाइट में दो डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्या मौजूद हैं।
इस दौरान फ्लाइट की तकनीकि समस्या ठीक करने तक डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव मौर्या करीब एक घंटे तक इंडिगो की फ्लाइट में फंसे रहे। बताया जा रहा है कि टेकऑफ से ऐन पहले पायलट को विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। उसने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी। इंजीनियरिंग टीम को बुलाया। करीब एक घंटे तक विमान की जांच की गई। इसके बाद फ्लाइट कोलकाता के लिए रवाना हुई।
यह भी पढ़ें- बाल-बाल बचे केशव प्रसाद मौर्या, हेलिकॉप्टर में धुआं भरने से मचा हड़कंप, अमौसी एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-505 को सुबह 7:40 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए रवाना होना था। यात्रियों की बोर्डिंग हो चुकी थी। दोनों डिप्टी सीएम भी फ्लाइट में थे। तभी कुछ तकनीकी समस्या की वजह से फ्लाइट डिले होती गई। गड़बड़ी ठीक होने तक दोनों डिप्टी सीएम और यात्रियों को विमान में ही बैठे रहना पड़ा। करीब एक घंटे बाद सुबह 8:59 बजे विमान ने उड़ान भरी।




















