आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लगातार बदल रहे मौसम का असर अब यातायात को भी प्रभावित कर रहा है। इस बीच लखनऊ में बुधवार सुबह अचानक छाए घने कोहरे के कारण विमान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। विजिबिलिटी कम होने के चलते छह फ्लाइट कैंसिल, तीन लेट और एक डायवर्ट हुई। इसकी वजह से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह 8:05 बजे हैदराबाद से लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 608) कम विजिबिलिटी के कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर नहीं उतर सकी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर इसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। इस दौरान कोहरे के कारण लखनऊ से सुबह रवाना होने वाली कई घरेलू उड़ानें भी देर से गईं। इनमें सुबह 6:10 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 2108) लगभग एक घंटा देरी से रवाना हुई।
वहीं दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान (एक्सवाई 897) सुबह 6:15 बजे के बजाय 9:05 बजे उड़ान भर सकी। सुबह 8:45 बजे बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 325) दस बजे रवाना हुई। साथ ही ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण खाड़ी देशों को आने-जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बुधवार को भी रद्द रहीं।
यह भी पढ़ें- राजधानी में खराब मौसम के चलते लखनऊ डायवर्ट हुईं एयर इंडिया की तीन फ्लाइट्स
इसके अलावा रद्द की गई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अबूधाबी से सुबह 6:05 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 1416) और शारजाह से सुबह 7:05 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 1424) शामिल हैं। जबकि दम्माम से रात आठ बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 98) भी रद्द रही।
जबकि लखनऊ से रात 8:35 बजे अबूधाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 1415), रात नौ बजे दम्माम जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 97) और रात दस बजे शारजाह जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 1423) भी रद्द कर दी गई।




















