आरयू वेब टीम। मुंबई की हाई-प्रोफाइल इमारतों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसकी सूचना के बाद पूरी मुंबई में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में सुरक्षा ऐजेंसियों ने इमारतों की जांच शुरू की। हालांकि जांच में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह विधानभवन समेत शहर की तीन महत्वपूर्ण लोकेशन को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इसमें बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे हाई कोर्ट का नाम भी शामिल था। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीमों के साथ बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गया। सभी प्रभावित जगहों पर गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से इन इमारतों के आस-पास कड़ा पहरा बैठा दिया गया है।
वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने
बताया कि सभी संबंधित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए हैं। पुलिस अब उस ई-मेल के सोर्स का पता लगाने में जुटी है जहां से यह धमकी भेजी गई थी। संबंधित पुलिस स्टेशनों में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हालांकि किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ-अयोध्या समेत 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी से मची अफरा-तफरी
बता दें कि विधानभवन को मिली यह धमकी उस घटना के ठीक एक दिन बाद आई है, जब वहां एक शख्स ने आत्मदाह की कोशिश की थी। बुधवार को सोलापुर जिले के माढा तालुका निवासी 38 वर्षीय दादासो बबन कलसैट ने उषा मेहता चौक के पास खुद पर मिट्टी का तेल डाल लिया था। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया था।




















