आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ यूनिवर्सिटी में फीस बढ़ोत्तरी को लेकर सोमवार को छात्रों ने एलयू के खिलाफ मोर्चा दिया है। कैंपस में एनएसयूआइ से जुड़े स्टूडेंट्स ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ न सिर्फ जमकर नारेबाजी की बल्कि कटोरा लेकर भीख मांगी और फिर यूनिवर्सिटी प्रशासन को चंदा सौंपने लगे। जहां मौके पर मौजूद प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से छात्रों की तीखी नोकझोंक भी हुई। इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को एनएसयूआइ से जुड़े छात्रों के गुट ने गेट नंबर एक के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान विरोध के रूप में कटोरा लेकर भीख मांगने लगे। अचानक से स्टूडेंट्स को भीख मांगते हुए देख बाकी स्टूडेंट्स भी हैरान रह गए। इस बीच लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी हुई। हंगामा बढ़ता देख मौके पर विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े लोग भी पहुंचे।
यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी में रोहित वेमुला की याद में मार्च निकाल रहे छात्रों की ABVP कार्यकर्ताओं से भिड़त
जब प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने भीख मांग रहे स्टूडेंट्स को रोकना चाहा, तो वो आक्रोशित हो गए। इस दौरान स्टूडेंट्स की प्रॉक्टीरियल बोर्ड के सदस्यों से तीखी नोकझोंक भी हुई। इसके बाद गुस्साए स्टूडेंट्स गेट के बीचोंबीच धरने पर बैठ गए। इस दौरान स्टूडेंट्स ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों रुपये की फीस लेने के बावजूद छात्रों को दूषित पानी दिया जा रहा है। स्टूडेंट्स ने दावा किया कि पानी का टीडीएस स्तर 702 पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
जहां काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। इससे पहले एसएफआइ ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए फीस वृद्धि वापस लेने की मांग की थी।




















