आरयू वेब टीम। राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के सातों बागी सांसदों के भाजपा में शामिल होने को राज्यसभा से मंजूरी मिल गई है। राज्यसभा सचिवालय ने इसको लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। अब इस पर केंद्र सरकार की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
बागी गुट के भाजपा में विलय होने के साथ ही बीजेपी राज्यसभा में और ताकतवर हो गई है, साथ ही उसके सदस्यों की संख्या भी बढ़ गई। राज्यसभा में भाजपा के सांसदों की संख्या बढ़कर अब 113 तक पहुंच गई, जबकि पिछले हफ्ते तक दस सांसदों वाली आप के पास अब महज तीन सांसद ही रह गए हैं। आप छोड़ने वाले सात सांसदों में से छह पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं।
इन सांसदों ने थामा भाजपा का दामन
1- राघव चड्ढा
2- स्वाति मालीवाल
3- हरभजन सिंह
4- संदीप पाठक
5- अशोक मित्तल
6- विक्रमजीत सिंह साहनी
7- राजिंदर गुप्ता।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कल रविवार को सभापति राधाकृष्णन को पत्र भेजकर ऊपरी सदन के उन सात सांसदों को अयोग्य घोषित करने का अनुरोध किया था, जिन्होंने हाल ही में आप छोड़कर भाजपा में विलय करने का ऐलान किया था। संजय सिंह ने दावा किया कि राज्यसभा के सात सदस्यों द्वारा उठाया गया कदम दल-बदल के समान है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आप इस मामले में कानूनी कदम उठाएगी।
