आरयू ब्यूरो, लखनऊ। किसानों और बेरोजगारी के मुद्दे पर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार को एक बार फिर घेरा है। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार में किसान और नौजवान पूरी तरह से त्रस्त है। एक तरफ किसान लगातार आर्थिक संकट, बढ़ती लागत और फसलों के उचित मूल्य न मिलने की समस्या से जूझ रहा तो दूसरी ओर युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। जिससे देखते हुए कांग्रेस ने किसान नौजवान बचाओ यात्रा निकालने का फैसला लिया है।
सोमवार को एक प्रेसवार्ता में अजय राय ने कहा कि किसान देश की रीढ़ है तो युवा भविष्य है। इनके हितों को संरक्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी संकल्पित है। इसी क्रम में एक मई से प्रदेश के जनपद सहारनपुर से दिल्ली तक ‘‘किसान नौजवान बचाओ यात्रा’’ निकाली जाएगी। यात्रा का नेतृत्व उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिम जोन करेगा एवं यूपी किसान कांग्रेस पश्चिम जोन का सहयोग रहेगा।
इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस पश्चिमी जोन के अध्यक्ष पारस शुक्ला ने बताया कि एक मई से उत्तर प्रदेश के जनपद सहारपुर से शुरू होकर ये यात्रा मुजफ्फरनगर, बागपत गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली में समाप्त होगी। जबकि भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव, प्रभारी युवा कांग्रेस पश्चिमी जोन विशाल चौधरी ने कहा कि इस यात्रा के जरिए हमारा उद्देश्य युवाओं को संगठित कर प्रदेश सरकार की कुनीतियों के खिलाफ एक वृहद आंदोलन करना है।
यह भी पढ़ें- विकासनगर झुग्गी अग्निकांड के पीड़ितों से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, अराधना मिश्रा ने संवेदना व्यक्त कर योगी सरकार से की मांग
साथ ही मीडिया को जानकारी देते हुए अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि इस यात्रा के दौरान रूट में आने वाले जनपदों में वहां के किसानों और युवाओं की समस्याओं को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत और मेरठ में हम गन्ना न्याय पंचायतों का आयोजन करेंगे, स्मार्ट मीटर का विरोध करेंगे, सहारनपुर, हापुड़, बुलंदशहर में खाद-बीज जनसुनवाई करेंगे और मनरेगा जागरूकता अभियान चलाऐंगे। अलीगढ़ में छात्र आंदोलन और रोजगार संवाद करेंग तो मथुरा में दुग्ध किसान महापंचायत बुलाऐंगे। नोएडा-गाजियाबाद में रोजगार चौपाल लगाऐंगे।




















