राहुल गांधी व प्रियंका की हिरासत के विरोध में लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन

यूपी कांग्रेस
कांग्रेसियों को उठाती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में यूपी कांग्रेस ने बुधवार को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में  कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास का घेराव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मॉल एवेन्यू स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका और अजय राय समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया।

जानकारी के मुताबिक कांग्रेस कार्यालय से निकलकर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से मौके से हटाया गया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- संसद मार्च के लिए जंतर-मंतर पर उमड़ा युवाओं का सैलाब, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दागे आंसू गैस के गोले

इस दौरान अजय राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। साथ। ही कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की हिरासत को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच संभावित टकराव की आशंका को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

यह भी पढ़े- प्रधानमंत्री आवास पर इस्तीफे की मांग कर रहे राहुल गांधी, अखिलेश व प्रियंका को जबरन उठा ले गई पुलिस

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व मंत्री सीपी राय, पूर्व विधायक इन्दल रावत, कांग्रेस प्रवक्ता उमा शंकर पाण्डेय, राजेश जायसवाल, अमित राय, विनोद चन्द्रा, ओकारनाथ सिंह जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह बबलू, शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी व शहजाद आलम, अनामिका यादव, सचिन रावत, सिद्धिश्री, विजय बहादुर, वेद प्रकाश त्रिपाठी, अब्दुल्ला शेर खान, मुकेश सिंह चैहान, कुलदीप दिवाकर, विकास श्रीवास्तव सहित कांग्रेस के अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।