अजय राय ने कहा, बाढ़ पीड़ित झेल रहे तबाही, मोदी के जन्मदिन के नाम पर सरकारी धन खर्च कर रही भाजपा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हुए कार्यक्रमों को लेकर लखनऊ में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के कई हिस्से बाढ़ से प्रभावित हैं। गांव के गांव कट गए हैं और लोगों को भोजन, पानी व दवाइयों की जरूरत है। बाढ़ पीड़ित तबाही झेल रहे हैं, इसके बावजूद जन्मदिन के नाम पर सरकारी धन खर्च किया गया।

लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को प्रेसवार्ता में मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर यूपी में पांच करोड़ से अधिक दीये जलाए गए। एक दीया जलाने का न्यूनतम खर्च पांच रुपए भी जोड़ लें तो सिर्फ यूपी में 25 करोड़ रुपए खर्च हो गए। जबकि पूरे देश में कई करोड़ दीये जलाए गए। सोचिए, कितना पैसा खर्च हुआ होगा?

दूसरी ओर, यूपी और मध्य प्रदेश के जबलपुर से ऐसी कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें छोटे-छोटे बच्चे और बेटियां बुझ चुके दीयों से तेल एकत्र कर रहे हैं, ताकि उससे उनके घर में सब्जी बन सके। अजय राय ने कहा, “देश के प्रधानमंत्री को शर्म आनी चाहिए। आज देश कहां खड़ा है। इन बच्चों के घर में सब्जी बनाने तक का तेल नहीं है और आप जन्मदिन के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपए दीये जलाने पर खर्च कर रहे हैं। अरे, दीपक वहां जलाओ, जहां लोगों के पास खाने का इंतजाम नहीं है। लोगों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं।”

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी के जन्‍मदिवस पर एलडीए ने लाखों ‘आर्शीवाद के दीये’ से जगमगाया राष्ट्र प्रेरणा स्थल

इस दौरान अजय राय ने मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार से सवाल किए। उन्होंने यूपीआइ भुगतान पर एमडीआर को लेकर भी कहा कि इसका असर छोटे दुकानदारों, टैक्सी चालकों और आम लोगों पर पड़ेगा। हालांकि, केंद्र के अनुसार 2,000 रुपए के मर्चेंट यूपीआइ भुगतान और छोटे कारोबारियों के लिए निर्धारित जीरो-एमडीआर लेनदेन पर शुल्क नहीं है। साथ ही कांग्रेस नेता ने रोजगार और जीडीपी के दावों पर भी सवाल उठाए। प्रेसवार्ता में डॉ. सीपी राय, प्रियंका गुप्ता, सिद्धिश्री, सचिन रावत और अमर हबीबुल्लाह मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- चंदा चोरी पर PM मोदी को पत्र लिख अजय राय ने कहा, राम मंदिर निर्माण का श्रेय लिया तो जवाबदेही भी करें स्वीकार