आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नीट पेपर लीक के बाद से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र जंतर-मंतर पर धरने पर हैं। ऐसे में संसद मार्च कर रहे छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई से देशभर के लोगों में आक्रोश है। इस बीच दिल्ली में नीट अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांगों को योगी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पूरी तरह जायज बताया है। हालांकि राजभर ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का आरोप लगाया है।
ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे नीट छात्र आंदोलन को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। राजभर ने स्पष्ट कहा कि अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की मांग बिल्कुल उचित है और किसी भी कीमत पर पेपर लीक नहीं होना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी, अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के नेता इस संवेदनशील मुद्दे पर घटिया राजनीति कर रहे हैं।
साथ ही कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने गए थे, लेकिन विपक्षी नेताओं की मौजूदगी के दौरान प्रदर्शन में देशविरोधी नारे लगाए गए, जो बेहद चिंताजनक है। इस दौरान ओपी राजभर ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा, आप और कांग्रेस के नेता मासूम छात्रों को आंदोलन के लिए उकसाने पहुंचे थे, लेकिन जैसे ही जंतर-मंतर पर पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू किया, ये सभी नेता छात्रों को मौके पर ही असहाय छोड़कर रफूचक्कर हो गए। राजभर ने साफ किया कि वह छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का किसी भी रूप में समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन जो राजनीतिक लोग छात्रों की आड़ में हिंसा भड़का रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- ओपी राजभर का केजरीवाल पर तंज, सूप तो सूप, चलनी बोले जिसमें बहत्तर छेद
वहीं सपा और कांग्रेस के शासनकाल की तुलना करते हुए राजभर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में खुलेआम परीक्षाओं में धांधली, नकल और पेपर लीक का बोलबाला था तथा सरकारी नौकरियों की बोलियां लगती थीं। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरी परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने बिना किसी भ्रष्टाचार के नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं और पेपर लीक करने वाले माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि राजनीतिक बयानों के बीच प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मऊ कलेक्ट्रेट परिसर से मवेशियों के लिए ‘खुरपका-मुंहपका’ टीकाकरण अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने टीकाकरण में जुटी मोबाइल टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और परिसर में पौधरोपण करते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा, जिला अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी और हर घर शौचालय निर्माण जैसे सुशासन के एजेंडे पर योगी सरकार प्रतिबद्धता से काम कर रही है।




















