आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर शनिवार ने अकबरपुर क्षेत्र के मुबारकपुर डैय्याडीह गांव में आयोजित जन चौपाल में हिस्सा लिया। इस दौरान सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। साथ ही दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। राजभर ने केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि “सूप तो सूप, चलनी बोले जिसमें बहत्तर छेद।”
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में ओपी राजभर ने अयोध्या दौरे के दौरान अरविंद केजरीवाल द्वारा रामलला मंदिर में दान चोरी के मामले में सरकार पर लगाए गए आरोपों पर कहा कि “सूप तो सूप, चलनी बोले जिसमें बहत्तर छेद।” कैबिनेट मंत्री ने कहा कि एक चोर दूसरे को भी चोर समझता है। मंदिर ट्रस्ट और सरकार का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। ट्रस्ट की मांग पर एसआइटी जांच कर रही है। एफआइआर दर्ज की जा चुकी है। आरोपितों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव की वजह से हुई पंचायत चुनाव की प्रक्रिया बाधित: ओपी राजभर
इससे पहले जन चौपाल में सुभासपा प्रमुख ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए।




















