आरयू वेब टीम। नीट के बाद अब महाराष्ट्र के ठाणे में टीईटी एग्जाम का पेपर लीक होने से हड़कंप मच गया है। जिसके बाद एग्जाम को कैंसिल कर दिया गया है। दरअसल टीईटी एग्जाम कल होना था, लेकिन खबरों से पुष्टि हुई है कि एग्जाम से करीब 24 घंटे पहले ही क्वेश्चन पेपर लीक हो गया।
बताया जा रहा है कि चार लाख के करीब उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होने वाले थे। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद पुणे ने टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) 2026 परीक्षा को, जो 28 जून 2026 को होने वाली थी, उसे अगले आदेश तक टाल दिया है। परिषद ने प्रेस जानकारी दी कि, टीईटी परीक्षा राज्य भर के 1,028 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी।
नीट 2026 परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए गए थे, हालांकि इस बीच एक सूचना मिलने पर भिवंडी पुलिस ने शनिवार की सुबह छापेमारी की। जांच के दौरान, कुछ लोगों के पास टीईटी 2026 के पेपर से मिलते-जुलते सवाल पाए गए। इसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों ने जांच की और पुष्टि की कि कुछ सवाल असली परीक्षा के पेपर से मेल खाते थे।
यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर राहुल का आरोप, PM मोदी की भ्रष्ट व्यवस्था ने लूटा युवाओं का भविष्य
इस मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआइआर दर्ज की गई है। परिषद ने कहा है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मामले की गहन जांच होने तक 28 जून 2026 को होने वाली टीईटी परीक्षा को टाल दिया गया है।
अब परीक्षा की नई तारीख और अन्य अपडेट महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित किए जाएंगे। फिलहाल ठाणे में जब्त किए गए लीक हुए पेपर की जांच के बाद, कल होने वाली परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया। कहा जा रहा है कि पुलिस अब पेपर लीक करने वालों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही इस मामले में बड़ा एक्शन हो सकता है। महाराष्ट्र से लगभग 4,28,000 उम्मीदवार यह परीक्षा देने वाले थे। पेपर लीक होने के कारण, इन भावी शिक्षकों का भविष्य अब अधर में लटक गया है।




















