मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तारीफ पर राहुल ने मोदी से पूछा, NEET पेपर लीक के बाद सुसाइड करने वाले बच्चों का एक पल सोचा

राहुल गांधी
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर नीट स्टूडेंट्स की आत्महत्या को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल ने कहा कि जब पीएम नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी प्रशंसा की, तो क्या उन्होंने उन बच्चों के बारे में भी एक पल के लिए सोचा, जिन्होंने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी का पेपर लीक होने के बाद सुसाइड कर ली? राहुल ने कहा कि बच्चों की जान चली गई, उनके परिवार उजड़ गए और उनका भविष्य एक चरमराई हुई व्यवस्था और जवाबदेही से बचने वाली सरकार की वजह से बर्बाद हो गया।

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, ‘‘इस सूची (जान गंवाने वाले बच्चों की) में दर्ज हर नाम एक ऐसे बच्चे का है, जिसके सपने थे, परिवार था और भविष्य था, लेकिन एक चरमराई हुई व्यवस्था और जवाबदेही लेने से इनकार करने वाली सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। इन छात्रों को याद रखिए, हर एक को!’’ उन्होंने सवाल किया, ‘‘जब प्रधानमंत्री मोदी ने धर्मेंद्र प्रधान जी के जन्मदिन पर उनकी प्रशंसा की तो क्या उन्होंने इन बच्चों के बारे में एक पल के लिए भी सोचा?”

वहीं राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा की एक पोस्ट को टैग किया। पवन खेड़ा ने नीट पेपर लीक के कारण जान गंवाने वाले बच्चों की ओर से एक पत्र पोस्ट करते हुए कहा, ‘‘प्रिय धर्मेंद्र अंकल, जन्मदिन मुबारक! आज आप 57 वर्ष के हो गए हैं। हम तो आपकी उम्र के आधे तक भी नहीं पहुंच पाए।” खेड़ा ने नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले 14 छात्रों के नामों की सूची भी साझा की थी। इन सभी छात्रों ने नीट-यूजी पेपर लीक के बाद आत्महत्या की थी।

यह भी पढ़ें- NEET Re-Exam: नागपुर स्टूडेंट को अबूधाबी में मिला सेंटर तो राहुल गांधी ने का NTA को परीक्षा कराने का हक नहीं

बता दें कि नीट पेपर लीक विवाद और पेपल लीक के कारण देशभर से लगातार सामने आ रही बच्चों की आत्महत्या की घटनाओं के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के क्रियान्वयन की दिशा में उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। दूसरी ओर नीट के छात्र धमेंद्र प्रधान को मंत्री की कुर्सी से हटाने की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पेपर लीक व बढ़ती फीस से त्रस्‍त युवाओं के लिए राहुल गांधी ने शुरू किया अभियान छात्रों की गूंज, मांगे सुझाव