आरयू वेब टीम। नीट यूजी एग्जाम के पेपर लीक पर गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। राहुल ने प्रवेश परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं से निपटने के केंद्र के रवैये की आलोचना करते हुए मेडिकल की छात्रा आकांक्षा की मृत्यु का हवाला दिया। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी की भ्रष्ट व्यवस्था ने युवाओं का भविष्य लूटा है।
कांग्रेस नेता ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि एक पिता ने जो कर सकता था, सब किया। फिर नीट पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद्द हुई। उस अनिश्चितता में आकांक्षा हमें छोड़ कर चली गई। आकांक्षा की मौत आत्महत्या नहीं मोदी जी की एक भ्रष्ट, टूटी हुई व्यवस्था की देन है। और धर्मेंद्र प्रधान जी? आज भी कुर्सी पर हैं। फिर वही कमेटी। वही ट्रांसफर। वही जांच। न सुधार, न न्याय। मोदी जी, कुर्सी स्थायी नहीं होती – आती-जाती रहती है, लेकिन आपने 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को जिस हद तक बर्बाद किया है, उसकी कीमत भारत की एक पूरी युवा पीढ़ी चुका रही है।
कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सिर्फ एक आत्महत्या नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में पनपी एक भ्रष्ट और जर्जर व्यवस्था का नतीजा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी वे अपने पद पर बने हुए हैं और पुरानी कमेटियों, तबादलों तथा जांच के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि युवाओं को न तो कोई सुधार दिख रहा है और न ही न्याय मिल रहा है।
यह भी पढ़ें- NTA एक्सपर्ट ने किया NEET का पेपर लीक, बीजेपी नेता के बाद CBI ने टीचर मनीषा मंधारे को दबोचा
गौरतलब है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा तीन मई को किया गया था, जिसे पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो कर रही है और सरकार ने अब 21 जून को दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) कराने का फैसला किया है।




















