आजमगढ़-रामपुर सीट गंवाने पर ओपी राजभर ने बोला अखिलेश पर हमला, “पिता मुलायम सिंह की कृपा पर बने मुख्यमंत्री”

ओपी राजभर
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/बलिया। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली करारी हार के बाद सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। सुभासपा प्रमुख ने कहा कि वो मुलायम सिंह यादव की कृपा से मुख्यमंत्री बने उनके नेतृत्व में जितने भी चुनाव हुए वो सब हारे हैं।

ओम प्रकाश राजभर आज अपने रसड़ा स्थित आवास पहुंचे, जहां मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश अपने पिता मुलायम सिंह यादव की कृपा पर मुख्यमंत्री बने। उनके नेतृत्व में जितने भी चुनाव हुए है वो सब हारे हैं, चाहे 2014 हो या 2017, 2019, 2022 हो या एमएलसी चुनाव हो। अखिलेश यादव को बाप की विरासत मिली है उन्होंने धरातल पर कोई काम नहीं किया है। समाजवादी पार्टी अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार रही है। जिस पार्टी का मुखिया चुनाव प्रचार में न जाये वो पार्टी क्या चुनाव लड़ेगी। अखिलेश यादव को एसी कमरों से बाहर निकलकर चलना चाहिए।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर की उम्‍मीद, भाजपा को हराने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों के नेता देंगे अखिलेश का साथ

ओपी राजभर ने आगे कहा कि चुनाव का बिगुल बज जाएगा और नामांकन के अंतिम दिन पर्चा भरवा के चुनाव जीत जाएंगे तो ये संभव नहीं है। साथ ही कहा कि अगर अखिलेश और मायावती दलितों का पिछड़ों का हित चाहते हैं तो दोनों को मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए, नहीं तो भाजपा 80 की 80 सीट भी जीत जाएगी।

वहीं प्रसपा प्रमुख ने लोकसभा चुनाव में पांच सीट पर चुनाव लड़ने पर कहा कि अखिलेश यादव को पांच सीट देनी पड़ेगी। अखिलेश यादव 60 सीट पर चुनाव लड़ें और 20 सीट सहयोगी दलों को दें। सब मिलकर चुनाव लड़ें।

यह भी पढ़ें- अखिलेश को ओपी राजभर की नसीहत, असफलता इस बात का इशारा, सफलता के लिए पूरे मन से नहीं किया प्रयास