आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पश्चिम बंगाल में टीएमसी और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में टूट के बाद यूपी की प्रमुख विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी में भी भाजपा नेताओं के चलते टूट हो सकती है। ये दावा योगी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने किया है। ओपी राजभर ने दावा करते हुए कहा कि राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेटर सौंपा है।
राजभर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में सपा में बड़ी टूट का दावा किया। साथ ही कहा ”समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को चिट्ठी सौंपी है”। राजभर ने कहा कि खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र, बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।
एक्स हैंडल पर पोस्ट के बाद ओपी राजभर के बयान का एक वीडियो भी सामने आया है। इनमें मंत्री ओपी राजभर ने दावा किया कि सपा के सीनियर नेता राम गोपाल यादव ने अमित शाह को एक गोपनीय पत्र दिया है। राम गोपाल पत्र देने के बाद मुस्कराते हुए चले गए। जो बंगाल में टीएमसी का हुआ, महाराष्ट्र में उद्धव का हश्र हुआ वो अब यूपी में सपा का होगा। राजभर ने कहा कि संभवतः राम गोपाल ने पत्र में उन सांसदों के नाम दिए होंगे, जो टूट सकते हैं। सपा के बड़ी संख्या में सांसद टूटने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा से टूटने वाले सांसद भाजपा के साथ जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे की शिवसेना में फिर बगावत, छह सांसदों ने ओम बिरला को लिखा लेटर
वहीं सपा के ब्राह्मण सम्मेलन को लेकर भी मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जाति व्यवस्था में सबसे विद्वान ब्राह्मण होता है। अब ब्राह्मण को अखिलेश यादव समझाने के लिए काम कर रहे हैं। इटावा में कथावाचक विवाद में अखिलेश यादव ने कहा था यादव भी कथा कह सकता है। ओपी राजभर ने कहा कि सपा के ब्राह्मण सभा में सिर्फ यादव ही यादव दिखेंगे। जैसे बसपा की बैठक में जेएनयू पहन कर कैडर के नेता बैठते थे, वैसे ही सपा यादवों को ब्राह्मण सम्मेलन में बैठाएगी।


















