आरयू वेब टीम। बिहार के नालंदा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। पावापुरी थाना क्षेत्र के शमवशरण मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक बस 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। हादसा इतना खतरनाक था कि बस में अचानक करंट फैल गया, जिससे एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में करीब 50 से 60 मजदूर सवार थे, जो नरकटिया स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद अपने गांव घोसरावां लौट रहे थे। बस की छत पर एक साइकिल भी रखी गई थी, जैसे ही बस शमवशरण मंदिर के पास पहुंची, छत पर रखी साइकिल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई। इसके बाद पूरे बस में करंट दौड़ गया और यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
कई यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पाकर पावापुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में जुट गई। इस हादसे में रुदल मांझी और उनकी पत्नी फूलो देवी की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों मजदूरी कर घर लौट रहे थे।
वहीं पुटूस कुमारी, रिंकू देवी, करु मांझी, संतोष मांझी, पवन मांझी, सरोज देवी, धर्मेंद्र मांझी और राजकुमार मांझी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, घायल में पांच लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
यह भी पढ़ें- मालवीय नगर के अवैध रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक
पावापुरी थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में बस की छत पर रखी साइकिल के हाईटेंशन तार से संपर्क में आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। बस में सवार सभी लोग ईंट-भट्ठे से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुखद हादसा हो गया।
एसडीपीओ ने बताया कि अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि नौ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। प्रारंभिक जांच में बिजली तार के काफी नीचे होने की बात सामने आ रही है। यदि जांच में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक ही परिवार के पति-पत्नी की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल मजदूर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।


















