आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने डिंपल यादव को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। ओपी राजभर ने कहा, “जो नेता अपनी पत्नी पर हुई अभद्र टिप्पणी के समय उनके सम्मान में साथ नहीं खड़ा हुआ, वह देश की महिलाओं का साथ क्या देगा?”
सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि अखिलेश यादव दिन में तो भाजपा का विरोध करते हैं, लेकिन रात में सीबीआइ के डर से गुलदस्ता लेकर योगी-मोदी की शरण में पहुंच जाते हैं। इस दौरान राजभर ने सवाल उठाया कि जिस केस में गायत्री प्रजापति जेल में हैं, उसी एफआइआर में नाम होने के बाद भी अखिलेश बाहर क्यों हैं?
वहीं ओपी राजभर ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि ये गठबंधन केवल बैठकों और फोटो खिंचवाने तक सीमित है। “विपक्ष के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही कोई ऐसा नेता जिस पर जनता भरोसा कर सके। हर दल अपनी ढपली अपना राग बजा रहा है। चुनाव आते-आते ये ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा।”
यह भी पढ़ें- ओपी राजभर का अखिलेश पर निशाना, 2047 तक सपा देती रहेगी PDA का नारा, उनका सत्ता में आना मुश्किल
इस दौरान एक सवाल के जवाब में सुभासपा प्रमुख ने
कहा कि सुभासपा आज सत्ता में रहकर इन वंचित वर्गों को उनका असली हक दिलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा-सुभासपा गठबंधन के शासन में गरीबों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है और बिचौलियों का राज खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश में विकास की जो लहर चल रही है, उससे विपक्ष पूरी तरह हताश और निराश है। उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि असली हितैषी कौन है। आगामी चुनावों में हम प्रदेश की सभी सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और विपक्ष को अपना खाता खोलने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा।
इसके अलावा बंगाल चुनाव पर आत्मविश्वास जताते हुए सुभासपा प्रमुख ने दावा किया कि चार मई को वहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि जनता टीएमसी से ऊब चुकी है। अब लोग मोदी जी के साथ हैं।




















