आरयू वेब टीम। आसमान से बरसती आग और झुलसा देने वाली लू को देखते हुए लखनऊ के बाद गाजियाबाद जिला प्रशासन ने नौनिहालों की सुरक्षा के लिए कदम उठाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के कक्षा नर्सरी से लेकर 8वीं तक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गाजियाबाद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले के सभी स्कूलों का समय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। ये नया नियम 27 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी ताकि बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी और लू की चपेट में आने से बचाया जा सके।
प्रशासन का ये आदेश किसी एक बोर्ड के लिए नहीं, बल्कि जिले में संचालित होने वाले सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। इसमें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय।
अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूल।
सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य सभी बोर्ड के स्कूल।
वहीं शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि इस आदेश का पालन करना अनिवार्य है। सभी स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों की छुट्टी दोपहर 12:30 बजे तक हर हाल में सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना करने वाले या समय में मनमानी करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी के चलते लखनऊ में आठ तक के स्कूलों का बदला टाइम, DM का आदेश जारी
जिला प्रशासन का कहना है कि दोपहर एक बजे के बाद तापमान अपने चरम पर होता है। छोटे बच्चों में लू और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। इसी जोखिम को कम करने के लिए छुट्टी का समय पहले कर दिया गया है।



















