लखनऊ में बदला स्कूल खुलने का समय, UP के कई जिलों में भी बढ़ीं छुट्टियां

स्‍कूल छुट्टी कैंसिल
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नए साल के साथ ठंड का प्रकोप जारी है। पूरा उत्तर भारत सर्द हवाओं के साथ गिरते तापमान, गलन वाली सर्दी से ठिठुर रहा है। घने कोहरे के कारण बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है। लगातार बढ़ रही ठंड का असर अब स्कूलों पर भी पड़ने लगा है। कई जिलों में सर्दी की छुट्टियां भी बढ़ा दी गई हैं।

वहीं राजधानी लखनऊ के बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की टाइमिंग को लेकर आदेश जारी किया है। इसके अनुसार लखनऊ में अब स्कूल खुलने का समय अब सुबह दस बजे होगा। यानी यूपी की राजधानी के स्कूलों में अब सुबह दस बजे से ही पहली क्लास लगेगी। आदेश फिलहाल दस जनवरी 2023 तक लागू रहेगा।

लखनऊ बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 8वीं कक्षा तक के लिए स्कूल टाइम बदला गया है। उससे ऊपर यानी 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं उसी तरह चलती रहेंगी जैसे अब तक चल रही थीं। इसके अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि, उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाना सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें- ठंड के चलते बदला गया लखनऊ के स्कूलों का समय, DM ने जारी किया आदेश

गौरतलब है कि सर्दी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंड की छुट्टियां भी बढ़ा दी गई हैं। पांच जिले- आगरा, इटावा, बरेली, बिजनौर और बदायूं… इन जगहों पर 31 दिसंबर तक छुट्टियां दी गई थीं, आदेश 26 दिसंबर को आया था। लेकिन अब मौसम की मार के मद्देनजर जिलाधिकारियों ने छुट्टी बढ़ाने के आदेश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- UP: नए सत्र में अभिभावकों को लगेगा झटका, प्राइवेट स्कूल 12 प्रतिशत तक बढ़ाएंगे फीस, विरोध शुरू