मस्जिद ध्वस्तीकरण: सहारनपुर जा रहे अजय राय को पुलिस ने हिरासत में लिया

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सहारनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद योगी सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई है। इस बीच प्रतिनिधिमंडल के साथ सहारनपुर जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को सोमवार को लखनऊ में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में लेकर अजय राय को पुलिस लाइन ले जाया गया।

दरअसल सहारनपुर में करीब सौ साल पुरानी मस्जिद को ढहाए जाने के विरोध में और वहां के हालात का जायजा लेने के लिए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था। जब पुलिस ने अजय राय को जाने से रोका तो अजय राय लखनऊ कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। अजय राय इस बात पर अड़े रहे कि वे हर हाल में सहारनपुर जाएंगे और अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

जब पुलिस ने अजय राय को धरने से हटाने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका जमकर विरोध किया। कुछ देर की गहमागहमी के बाद पुलिस ने अजय राय को हिरासत में ले लिया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर अजय राय को छुड़ाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाड़ी में बैठाया और वहां से पुलिस लाइन लेकर चले गए। इसके बाद भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में मस्जिद ढहाने पर बोलीं मायावती, यूपी में चल रहा अवैध बताकर ध्वस्तीकरण का अभियान नहींं है उचित

हिरासत में लिए जाने से पहले अजय राय ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे और इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। अजय राय ने ये भी कहा कि मुसलमानों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता डटकर खड़ा रहेगा।

यह भी पढ़ें- अजय राय ने कहा, भाजपा जिस तरह वोट चोरी के तरीके अपना रही, वो लोकतंत्र के लिए चिंताजनक