लखनऊ में ज्वेलर्स ने किया नरेंद्र मोदी की अपील का विरोध, बंद की सर्राफा मार्केट, दिया धरना

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से तेल, गैस का कम इस्तेमाल करने और एक साल तक सोना न खरीदने की अपील पर पीएम को विपक्ष ने निशाने पर ले रखा है। तो दूसरी तरफ लखनऊ के ज्वेलर्स ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। लखनऊ महानगर सर्राफा एसोसिएशन और ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन की प्रदेश इकाई से जुड़े ज्वेलर्स ने सोमवार को एक दिन के लिए सर्राफा मार्केट बंद कर आशियाना में धरने पर बैठकर नारेबाजी की।

वहीं धरने पर बैठे सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि सर्राफा बाजार पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में सोना न खरीदने की अपील व्यापारियों के लिए चिंता बढ़ाने वाली है। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लाखों परिवारों की आजीविका सीधे तौर पर सर्राफा व्यापार से जुड़ी हुई है। एसोसिएशन ने देशभर की सभी सर्राफा संस्थाओं और व्यापारियों से इस मुहिम में शामिल होकर अपने व्यापार को बचाने की अपील की है।

इस दौरान ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के उत्तर प्रदेश संयोजक विनोद माहेश्वरी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब सोने की खरीद पर प्रतिबंध या डर का माहौल बनाया गया, तब-तब लोगों में इसे खरीदने की उत्सुकता और बढ़ी है। सोने की खरीद को लेकर लगातार नकारात्मक संदेश अनजाने में उसकी मांग को और बढ़ा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सोना मत खरीदो-तेल कम इस्तेमाल करो, PM मोदी की अपील पर बोले राहुल, ये उपदेश नहीं नाकामी के सबूत

साथ सोने के प्रति भय का वातावरण बनाने के बजाय सरकार को व्यवहारिक और व्यवस्थित गोल्ड मोनिटाइजेशन स्कीम लागू करनी चाहिए। भारत में पहले से ही बड़ी मात्रा में घरेलू सोना मौजूद है। यदि उसी सोने का सही तरीके से मोनिटाइजेशन और सर्कुलेशन किया जाए, तो गोल्ड इंपोर्ट पर निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लाखों ज्वेलर्स को स्थिरता मिलेगी। धरने में आदर्श व्यापारी एसोसिएशन, यूपी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, मनीष वर्मा, मोहित सोनी समेत अन्‍य पदाधिकारी व सदस्‍य मौजूद रहे।

बह भी पढ़ें- बैंकॉक से तस्‍कर छिपाकर लाया था लाखों का सोना, लखनऊ एयरपोर्ट पर गया पकड़ा