आरयू वेब टीम। तमिलनाडु में नई सरकार अस्तित्व में आते ही एक्शन मोड में आ गई है। राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ के बाद अपने बड़े प्रशासनिक फैसले में जोसेफ विजय ने पूरे राज्य में पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंड के पास चल रही 717 सरकारी शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया।
जारी आदेश में मंगलवार को अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अगले दो हफ्तों के अंदर मंदिरों, मस्जिदों, चर्चों, स्कूल-कॉलेजों और बस स्टैंड के 500 मीटर के दायरे में चल रही तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन की सभी शराब की दुकानों को बंद कर दें। तमिलनाडु सरकार के अनुसार, राज्य में फिलहाल टीएएसएमएसी की कुल 4,765 शराब की दुकानें हैं। जिन 717 दुकानों को बंद करने के लिए चुना गया है, उनमें से 276 दुकानें पूजा स्थलों के पास, 186 शिक्षण संस्थानों के पास और 255 बस स्टैंड के पास स्थित हैं।
शराब की दुकानों को बंद करने का यह कदम विजय का पद संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर किया गया पहला बड़ा नीतिगत फैसला है, और नई सरकार इस फैसले को एक अहम सामाजिक सुधार उपाय के तौर पर पेश कर रही है। इसका मकसद संवेदनशील सार्वजनिक जगहों पर शराब की दुकानों को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करना है।
इससे पहले एक्टर से नेता बने 51 साल के विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. उनकी पार्टी, ‘तमिलगा वेट्री कजगम’ ने चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर अपनी पहचान बनाई, हालांकि बहुमत से कम सीटें मिलने के बाद टीवीके ने कांग्रेस, वामपंथी दलों, वीसीके और मुस्लिम लीग के समर्थन से इतिहास में अपनी पहली गठबंधन सरकार बनाई।
यह भी पढ़ें- सुपरस्टार थलपति विजय बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, चेन्नई में ली शपथ
सीएम पद संभालने के बाद मुख्यमंत्री की ओर से लिए गए कुछ अन्य अहम फैसलों में, विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट फ्री बिजली देने की योजना को मंजूरी दी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल के गठन को भी मंजूरी दी। इसके अलावा राज्य में कथित नशीले पदार्थों के बढ़ते खतरे से निपटने के अपने वादे को पूरा करते हुए हर जिले में नशा-विरोधी यूनिट्स स्थापित करने के फैसला लिया।



















