पेपर लीक के बाद NTA ने NEET UG एग्जाम किया रद्द, CBI करेगी जांच

नीट यूजी

आरयू वेब टीम। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला सामने आने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने तीन मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है। एनटीए ने स्पष्ट किया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों  से प्राप्त इनपुट से यह साबित हो गया है कि पेपर लीक हुआ है। इसी के मद्देनजर, भारत सरकार ने अब इस पूरे मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) को सौंपने का फैसला लिया है। साथ ही अब ये परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी तारीखों की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी।

सीबीआइ इस पेपर लीक और धांधली के पीछे छिपे सिंडिकेट की व्यापक जांच करेगी। एनटीए ने जांच में पूरी तरह से सहयोग करने और सभी दस्तावेज ब्यूरो को सौंपने का भरोसा दिया है। एजेंसी ने अपने बयान में स्वीकार किया कि परीक्षा दोबारा कराने से उम्मीदवारों और उनके परिवारों को काफी असुविधा होगी, लेकिन राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली के प्रति जनता के भरोसे को बचाने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य था। एनटीए का मानना है कि परीक्षा रद्द न करना छात्रों के भविष्य और इस महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा की विश्वसनीयता के लिए अधिक हानिकारक साबित हो सकता था।

वहीं छात्रों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए मई 2026 चक्र के लिए जिन छात्रों ने पंजीकरण कराया था, उनका डेटा और उम्मीदवारी को ही आगे बढ़ाया जाएगा। छात्रों को न तो दोबारा रजिस्ट्रेशन कराना होगा और न ही कोई नई परीक्षा फीस देनी होगी। इसके अतिरिक्त, छात्रों द्वारा पहले से भुगतान की गई फीस को वापस कर दिया जाएगा और नई परीक्षा का पूरा खर्च एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों से वहन करेगा।

यह भी पढ़ें- NEET छात्रा रेप कांड में घर पहुंची CBI, परिजनों से की पूछताछ

इस दौरान एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें। परीक्षा की नई तारीखों और दोबारा जारी होने वाले एडमिट कार्ड के संबंध में सभी जानकारियां केवल एनटीए के आधिकारिक चैनलों और वेबसाइट के माध्यम से ही साझा की जाएंगी।

यह भी पढ़ें- फिर से NEET की परीक्षा कराने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने NTA को नाटिस जारी कर मांगा पेपर लीक पर जवाब