‘सोना मत खरीदो-तेल कम इस्तेमाल करो’, PM मोदी की अपील पर बोले राहुल, ये उपदेश नहीं नाकामी के सबूत

राहुल गांधी

आरयू वेब टीम। मध्य पूर्व में लगातार खराब होते हालात और खाड़ी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आम जनता से तेल, गैस, सोने समेत कई चीजों पर संयम बरतने की अपील पर सोमवार को राहुल गांधी ने निशाना साधा है। साथ ही कहा कि पीएम ने पिछले 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया कि जनता को बताना पड़ रहा है, क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए। ये उपदेश नहीं नाकामी के सबूत हैं। ऐसे में देश चलाना कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम के बस की बात नहीं है।

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज सोमवार को सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएम मोदी की अपील पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा, “पीएम मोदी ने कल जनता से त्याग मांगे, कहा सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो। ये उनके उपदेश नहीं बल्कि ये नाकामी के सबूत हैं।”

साथ ही राहुल गांधी ने पीएम मोदी के 12 साल के शासन को लेकर कहा, “पिछले 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया गया है कि जनता को बताना पड़ रहा है। क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाएं और कहां न जाएं। हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम के बस की बात नहीं है।”

इससे पहले पीएम मोदी ने रविवार को तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान जनता से संयम बरतने की अपील की थी। मोदी ने कहा कि लोगों को पेट्रोल, डीजल और गैस का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर और संयम के साथ करना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि लोगों को कोरोना काल के दौरान देश ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- राहुल का दावा, असम-बंगाल में जनादेश की चोरी लोकतंत्र ‘नष्ट’ करने की भाजपा के मिशन का बड़ा कदम

विदेशी मुद्रा बचाने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि पेट्रोल और डीजल की वैश्विक स्तर पर कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में देश पर विदेशी मुद्रा का बोझ बढ़ता है। ऐसे में उन्होंने लोगों को निजी गाड़ियों की जगह मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की। माल ढुलाई के लिए रेलवे को प्राथमिकता देने की भी अपील की। साथ ही सोने की खरीद को अगले एक साल के लिए टालने की बात भी कही।

यह भी पढ़ें- राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री खुद कॉम्प्रोमाइज्ड, मोदी वही करते जो अमेरिका-इजरायल उनसे चाहते हैं करवाना