आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे प्रशासन ने 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने का फैसला लिया है। साथ ही रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि ट्रेनों के रूट के अन्य ठहरावों और समय सारिणी की जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन नं 139 डायल करें या http://www.enquiry.indianrai.gov.in वेबसाइट पर देखें।
इस संबंध में उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि ये ट्रेन लखनऊ होकर गुजरेगी जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही बताया कि 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़-वाराणसी आरक्षित ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस 14 मई से 12 जुलाई तक (18 फेरे) के लिए संचालित होगी। प्रत्येक गुरुवार और रविवार को वाराणसी जंक्शन से सुबह 11.05 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 04.20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें- रेलवे ने दिया यात्रियों को बड़ा झटका, ट्रेन का टिकट कैंसिल करने पर नहीं मिलेगा रिफंड, अगर…
वहीं ट्रेन संख्या 04228 चंडीगढ़-वाराणसी विशेष एक्सप्रेस 15 मई से 13 जुलाई तक (18 फेरे) प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चंडीगढ़ से सुबह छह बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 00:55 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, पांच वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी और दो एसएलआर शामिल हैं।
इस स्पेशल ट्रेन का संचालन रेलवे वाराणसी जंक्शन, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन, रायबरेली, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला कैंट होते हुए चंडीगढ़ तक करेगा। गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसका संचालन 14 मई से करीब दो महीने तक के लिए किया जाएगा।




















