आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गोमतीनगर व ऐशबाग समेत अन्य जगाहों पर करोड़पतियों के लिए हजारों फ्लैट बनाने के फैसले के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गरीब व मध्य वर्गीय परिवारों के लिए भी ढ़ंग से फ्लैट बनाने का फैसला लिया है। यह फ्लैट सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास बनाए जाएंगे। इनमें 50 वर्गमीटर के एलआईजी व 38 वर्गमीटर के ईडब्ल्यूएस फ्लैट होंगे, जिनकी कीमत 15 लाख से 35 लाख रुपये तक एलडीए ने तय की है।
प्राधिकरण की इस पहल से आम नागरिकों को शहर में आबादी के बीच आवासीय सुविधा मिल सकेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस परियोजना पर मुहर लगा दी है। अब जल्द ही बहुमंजिला अपार्टमेंट के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया करायी जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोमती नगर विस्तार में सिर्फ करोड़पतियों के लिए 300 फ्लैट बनाएगा एलडीए, गरीब तो दूर मीडिल क्लास को भी नहीं मिलेगी नर्मदा अपार्टमेंट में इंट्री
सोमवार को इस बारे में एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने मीडिया को बताया कि सीतापुर रोड पर शिया पीजी कॉलेज के पास कब्जामुक्त करायी गयी करीब 16 हजार वर्गमीटर जमीन पर यह ग्रुप हाउसिंग विकसित की जाएगी। जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना व ले-आउट प्लान तैयार कराया गया है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस परियोजना में 582 एलआईजी व 336 ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के फ्लैट बनेंगे। एलआईजी भवन टू बीएचके के होंगे, जिनका क्षेत्रफल करीब 50 वर्गमीटर होगा और कीमत लगभग 35 लाख होगी।
यह भी पढ़ें- पेमेंट डिटेल होगी ऑनलाइन अपडेट, LDA VC ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर बाबू को किया निलंबित, पुरानों की भी हुई वापसी
वहीं वन बीएचके के ईडब्ल्यूएस भवन करीब 38 वर्गमीटर के होंगे, जिनका दाम 15 लाख होगा। इससे मध्यम एवं अल्प आय वर्ग के परिवारों के लिए शहर में अपने आवास का सपना साकार हो सकेगा।
आपस में कनेक्ट होंगे सभी टावर
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस आवासीय परियोजना में सभी टावर आपस में इंटर कनेक्ट होंगे। जिससे लोगों को आवागमन में आसानी होगी। अपार्टमेंट्स में आठ पैसेंजर लिफ्ट और तीन सर्विस लिफ्ट होगी। साथ ही यहां 600 से अधिक वाहनों के लिए बेसमेंट व स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसके अलावा करीब तीन हजार वर्गमीटर में पार्क एवं ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा।
प्राइम लोकेशन पर होंगे किफायती फ्लैट
प्रथमेश कुमार ने यह भी कहा कि यह प्रोजेक्ट शिया पीजी कॉलेज के पास मेन सीतापुर रोड पर होगा, जिससे लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, सब्जी एवं फल मंडी आदि सभी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। इससे इस परियोजना की लोकेशन बेहद प्राइम होगी, जबकि भवनों की कीमत किफायती होगी।




















