पेमेंट डिटेल होगी ऑनलाइन अपडेट, LDA VC ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर बाबू को किया निलंबित, पुरानों की भी हुई वापसी

रिकॉर्ड रूम
अधिकारियों को निर्देश देते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। एलडीए के लालबाग स्थित रिकॉर्ड रूम में रखे चालान, पेमेंट की डिटेल, वेतन विपत्र, पुरानी सी.वी. की फाइलें ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट होंगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों यह निर्देश दिया है। साथ ही रिकॉर्ड रूम में तैनात एक बाबू को भी निलंबित किया है।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया। जिसमें कनिष्ठ लिपिक विनय कुमार की उपस्थिति नहीं पायी गयी। अधिकारियों से पूछने पर वीसी को पता चला कि विनय कुमार बिना किसी सूचना के कई दिनों से ऑफिस नहीं आ रहा। इस पर नाराजगी जताते हुए उपाध्यक्ष ने विनय कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित करने के निर्देश दिये।

वहीं दूसरी ओर आज एलडीए अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने करीब दर्जनभर बाबू व अन्‍य की तैनाती में फेरबदल किया है। इस फेरबल में कई ऐसे बाबूओं को फिर से वहीं तैनाती दी गयी जहां वह सालों तक न सिर्फ कार्यरत थे, बल्कि कई शिकायतों के बाद अधिकारियों ने उन्‍हें हटाया था, हालांकि अफसर अपने ही फैसले पर लंबे समय तक टिके रहने में आज फेल हो गए।

वसूली पर किया निलंबित फिर वहीं दी तैनाती

इसके अलावा आज एक ऐसे कर्मी को भी ज्ञानेंद्र वर्मा ने वीसी के आदेश का हवाला देते हुए प्रवर्तन में तैनात कर दिया है, जो प्रवर्तन से हटाए जाने के बाद भी अवैध निर्माण कराने के मामले में पकड़ा और निलंबित हो चुका था।

उल्‍लेखनीय है कि पूर्व में प्रवर्तन जोन सात में तैनात रहे मेट नाजिम रजा की अवैध निर्माण कराने के एवज में वसूली करने की शिकायत मिलने पर प्रथमेश कुमार ने ओएसडी देवांश त्रिवेदी से शिकायत की जांच कराई थीं। जांच में शिकायत सही मिलने पर दस मार्च 2025 को उपाध्‍यक्ष ने उसे निलंबित कर दिया था। निलंबन के करीब एक साल बाद ही नाजिम रजा को एक बार फिर से प्रवर्तन के जोन सात में आज अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने वीसी के आदेश का हवाला देते हुए तैनाती दे दी है।

यह भी पढ़ें- प्रवर्तन से हटने के बाद भी अवैध निर्माण की ठेकेदारी में शामिल एलडीए का एक और कर्मी निलंबित, बड़ों तक नहीं पहुंची कार्रवाई की आंच

सूत्रों की मानें नाजिम रजा जैसे दर्जनों मेट-सुपरवाइजर व अन्‍य कर्मी प्रवर्तन में तैनात कुछ अधिकारियों व अभियंताओं के लिए 15 से 20 प्रतिशत के लिए अर्निंग हैंड की तरह काम कर रहें है। साथ ही उन कर्मियों की भी गुपचुप ढ़ग से प्रवर्तन में वापसी करा दी गयी है, जिन्‍हें एलडीए की लगातार बदनामी होने पर पूर्व वीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने प्रवर्तन सभी सातों जोन से हटाया था।

यह भी पढ़ें- LDA के सातों जोन से एक झटके में हटे सभी सुपरवाइजर-मेट, वीसी की कार्रवाई से अवैध निर्माण की ठेकेदारी में लिप्‍त इंजीनियर-अफसरों में भी हड़कंप

लोगों की राह देख रहा उर्मिला वन

वहीं कुकरैल से उठने वाली दुर्गंध के चलते लोगों की राह देख रहे उर्मिला वन का भी आज उपाध्यक्ष ने निरीक्षण कर हाल जाना। करोड़ों की लागत से कुकरैल नाले के किनारे विकसित उर्मिला वन से रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए अप्रोच रोड बनायी जा रही, जिसका काम लगभग पूरा हो गया है। उम्‍मीद है कि रोड बनने से गोमती रिवर फ्रंट आने वाले लोग उर्मिला वन की ओर भी जा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- कुकरैल किनारे अब एलडीए बनाएगा उर्मिला वन, छोटे इमामबाड़े का गेट संवारने में खर्च करेगा छह करोड़

इसके अलावा वीसी ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण कर ग्रीन कॉरिडोर के नीचे खाली जमीन पर पार्किंग बनाने के निर्देश दिये। इसी क्रम में उन्होंने गोमती नगर विस्तार में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे निर्मित स्पोर्ट्स एरीना का निरीक्षण करके सुविधा संचालित करने के निर्देश दिये।

अपर सचिव की ओर से जारी पटल परिवर्तन सूची-

पटल बदला