आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भूमि पूजन किया। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली दोनों योजनाओं का कुल क्षेत्रफल लगभग 10,680 एकड़ है। इस दौरान पांच बहुमंजलिा आवासीय योजनाओं का भी सीएम शिलान्यास किया है।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित कर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ तेजी से विकास कर रहा है। एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा और उत्तर प्रदेश में कनेक्टिविटी लगातार बेहतर हो रही है। साथ ही कहा कि लखनऊ को मैन्यूफैक्चरिंग और हेल्थकेयर के नए हब के तौर पर विकसित होने की बात कही। सीएम योगी ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ हर आय वर्ग के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
योगी ने कहा कि लखनऊ में मेट्रो का काम भी आगे बढ़ रहा है और राजधानी में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। साथ ही कहा कि एक समय लखनऊ में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं प्रमुख थीं, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। शहर में बुनियादी सुविधाओं और कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ अब रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। योगी ने कहा “लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है, ब्रह्मोस मिसाइल से दुश्मन थर्राता है।”
यह भी पढ़ें- CM योगी का तंज, विपक्ष गिनता जाए सरकार देती जाएगी नियुक्तियां
गौरतलब है कि वरुण विहार और नैमिष नगर योजनाओं को करीब 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाना है। दोनों परियोजनाओं पर लगभग 12 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है। वरुण विहार योजना आगरा एक्सप्रेसवे के आस-पास विकसित की जा रही है, जबकि नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड और आइआइएम रोड क्षेत्र में प्रस्तावित है। एलडीए के अनुसार दोनों योजनाओं में अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन योजनाओं के साथ पांच बहुमंजिला आवासीय परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया है। इससे राजधानी में आवासीय विकल्पों के विस्तार के साथ नए क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि वरुण बिहार एवं नैमिष नगर योजना में 4,520 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोल दिया गया है। 24 अक्टूबर, 2026 तक पंजीकरण कराएं जा सकेंगे। इन योजनाओं में पांच लाख से अधिक लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। सीतापुर रोड पर 4,100 एकड़ में विस्तृत हो रही नैमिष नगर योजना नैमिषारण्य धाम और मां चंद्रिका देवी मंदिर से आध्यात्मिक जुड़ाव, इस योजना को आधुनिक, संतुलित और समृद्ध जीवन का नया केंद्र बनाएगा। योजना के प्रथम चरण में ब्रह्म खण्ड, भूमि खण्ड फेज -1 एवं भूमि खण्ड फेज-2 में कुल 1,673 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला गया है। इसमें 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड उपलब्ध होंगे। इस योजना में भूखण्ड की दर 3,800 रुपये प्रति वर्गफीट है।
इस योजना में मेडिटेशन सेंटर, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन हब, कल्चरल सेंटर, कम्युनिटी सेंटर, शॉपिंग स्ट्रीट एवं एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, आइआइएम रोड, सीतापुर रोड, किसान पथ, ग्रीन कॉरिडोर, हजरतगंज मेट्रो स्टेशन एवं सीसीएस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अस्पताल तथा विश्वविद्यालय जैसी बेहतरीन कनेक्टिविटी भी है। योजना में लगभग दो लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही, शहर के उद्योग, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन में अभूतपूर्व विकास होगा।
उपलब्ध भूखण्ड:
72 वर्गमीटर के 197 भूखण्ड
112.5 वर्गमीटर के 524 भूखण्ड
162 वर्गमीटर के 520 भूखण्ड
200 वर्गमीटर के 299 भूखण्ड
288 वर्गमीटर के 103 भूखण्ड
450 वर्गमीटर के 30 भूखण्ड
वरुण विहार योजना
उपाध्यक्ष ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे के निकट 6,580 एकड़ में विस्तृत वरुण विहार योजना शहर की सबसे बड़ी सेल्फ सस्टेनेबल आवासीय कालोनी के रूप में सामने आएगी। योजना के प्रथम चरण काशी खण्ड, कैलाश खण्ड फेज -1 एवं कैलाश खण्ड फेज- 2 में कुल 2,847 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला गया है। इसमें 112.5 वर्ग मीटर से 450 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड उपलब्ध होंगे। इस योजना में भूखण्ड की दर 2,800 रुपये प्रति वर्गफीट होगी।
वरुण विहार में लगभग 800 एकड़ में ग्रीन बेल्ट/पार्क/वाटर बॉडीज, अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, 70 एकड़ में प्राकृतिक झील, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन हब, लगभग 20 एकड़ में स्पोर्ट्स हब, विशाल सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट, हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर एवं 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क जैसी शानदार सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, आगरा एक्सप्रेसवे, किसान पथ, चारबाग रेलवे स्टेशन एवं सी.सी.एस. इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अस्पताल, मेडिकल कॉलेज तथा विश्वविद्यालय जैसी बेहतरीन कनेक्टिविटी भी है। योजना में लगभग तीन लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी।
वरुण विहार योजना में उपलब्ध भूखण्ड:
112.5 वर्गमीटर के 1,517 भूखण्ड
162 वर्गमीटर के 460 भूखण्ड
200 वर्गमीटर के 612 भूखण्ड
288 वर्गमीटर के 68 भूखण्ड
300 वर्गमीटर के 81 भूखण्ड
450 वर्गमीटर के 109 भूखण्ड
ऐसे होगा पंजीकरण
नैमिष नगर एवं वरुण विहार में भूखण्डों के लिए पंजीकरण 24 सितंबर, 2026 से 24 अक्टूबर, 2026 तक खोल दिए गए हैं। पंजीकरण एलडीए की आधिकारिक बेवसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। एकमुश्त भुगतान के विकल्प का चयन करने पर आवंटन में वरीयता दी जाएगी।
इन बहुमंजिला आवासीय योजनाओं का हुआ शिलान्यास-
- विराज खण्ड, गोमती नगर में विकसित लेक व्यू अपार्टमेंट में 3BHK + सर्वेंट के 646 फ्लैट हैं।
- राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने, बसंत कुंज में विकसित पार्क व्यू अपार्टमेंट में 3BHK + स्टडी के 364 फ्लैट हैं।
- ऐशबाग मिल रोड में विकसित ऐशबाग स्क्वॉयर में 3BHK + सर्वेंट के 384 फ्लैट हैं।
- अनंत नगर योजना, मोहान रोड में विकसित अदिति अपार्टमेंट में 2 BHK के 980 (अफोर्डेबल) फ्लैट हैं।
- अनंत नगर योजना, मोहान रोड में विकसित अदिति अपार्टमेंट में 1 BHK के 412 (प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0) फ्लैट हैं।
- शारदा नगर विस्तार योजना में विकसित बागेश्वरी अपार्टमेंट में 1 BHK के 312 (प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0) फ्लैट हैं।




















