हवा में आठ घंटे अटकी रहीं 230 यात्रियों की सांसें, खराबी के बाद दिल्‍ली एयरपोर्ट पर हुई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

इमरजेंसी लैंडिंग
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के एक विमान को तकनीकी खराबी के कारण बुधवार को वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यह बोइंग 777-300 ER विमान करीब आठ घंटे से अधिक का समय हवा में चक्कर लगाता रहा, जिससे फ्लाइट में सवार 230 यात्री सांसें अटकी रहीं। बाद में इसकी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय विमान में करीब 230 यात्री सवार थे। फ्लाइट ट्रैकिंग पोर्टल ‘फ्लाइटराडार24’ के डेटा के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब तीन घंटे बाद जब विमान चीनी हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहा था, तभी इसमें खराबी का पता चला और इसे वापस मोड़ दिया गया। एयर इंडिया ने इस घटना पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा, “विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर चुका है और एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप अब इसका गहन तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा।”

कंपनी ने यात्रियों को हुई इस डरा देने वाली असुविधा पर गहरा खेद जताया है। एयरलाइन के मुताबिक, प्रभावित यात्रियों के लिए यात्रा के वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। जब तक दूसरी व्यवस्था नहीं होती, तब तक ग्राउंड टीम यात्रियों को होटल, रिफ्रेशमेंट और री-शेड्यूलिंग की हर जरूरी सहायता दे रही है।

यह भी पढ़ें- पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट की लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, कई उड़ानें कैंसिल

इसी बीच एयर इंडिया से जुड़ा एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। ईंधन की बढ़ती कीमतों और भारी परिचालन लागत के कारण वित्तीय संकट से जूझ रही एयर इंडिया अपनी घरेलू उड़ानों में 22 प्रतिशत तक की कटौती करने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार, घाटे को कम करने के लिए एयरलाइन ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी पहले ही करीब 27 फीसदी की कटौती कर दी है। वर्तमान में एयर इंडिया हर हफ्ते लगभग 4,400 उड़ानों का संचालन करती है, जिनमें से 3,600 घरेलू और 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- 154 यात्री को दुबई से काठमांडू लेकर जा रही फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग