मक्का की MSP बढ़ाने पर सवाल उठा राकेश टिकैत ने योगी सरकार से पूछा, खरीदेगा कौन?

राकेश टिकैत
मीडिया से बात करते राकेश टिकैत।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मुजफ्फरनगर। योगी सरकार द्वारा मक्का की खरीद के लिए 150 क्रय केंद्र स्थापित करने और समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने के फैसले पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने प्रतिक्रिया दी है। राकेश टिकैत ने कहा कि केवल एमएसपी बढ़ा देने से किसानों को वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा, जब तक सरकार उनकी फसल की खरीद की गारंटी सुनिश्चित नहीं करती।

साथ ही राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को जानकारी मिल रही है कि बड़ी मात्रा में मक्का बाहर से मंगाई जा रही है, जबकि देश के किसानों के पास पर्याप्त उत्पादन उपलब्ध है। उन्होंने भाजपा सरकारों पर आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में किसानों को मक्का का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और कई जगहों पर यह फसल 1200 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल तक ही बिक रही है।

इस दौरान किसान नेता ने सवाल उठाया कि सरकार एमएसपी बढ़ाने की घोषणा तो कर रही है, लेकिन असली मुद्दा ये है कि मक्का की खरीद कौन करेगा और कब करेगा। टिकैत ने कहा कि गेहूं और धान की तरह मक्का की भी सीमित सरकारी खरीद होती है, जबकि अधिकतर फसल व्यापारियों द्वारा कम कीमत पर खरीद ली जाती है और बाद में वही फसल एमएसपी पर बेची जाती है।

वहीं किसान नेता ने सरकार से एमएसपी गारंटी कानून लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों की फसल की खरीद की गारंटी दे, तो देश के किसान मक्का, गेहूं और अन्य फसलों का पर्याप्त उत्पादन कर सकते हैं और बाहरी आयात की आवश्यकता नहीं रहेगी।

यह भी पढ़ें- राकेश टिकैत ने कहा, विपक्षी दलों को आपस में लड़ा रहीं मायावती, करना चाहिए सरकार से मुकाबला

टिकैत ने ये भी आरोप लगाया कि बढ़ती लागत और फसलों की अनिश्चित खरीद व्यवस्था के कारण किसान धीरे-धीरे खेती छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की आय सुरक्षित करने और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही बताया कि 15 से 18 जून तक हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के किसान कृषि से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

यह भी पढ़ें- महापंचायत में बोले राकेश टिकैत गलत तरीके से बिल पास कर किसानों को बर्बाद कर रही बीजेपी सरकार, देश में बनाया जा रहा डर का माहौल