आरयू वेब टीम। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया। जिसमें लगभग सात हजार युवाओं को ‘जॉब लेटर’ दिया गया। युवा कांग्रेस के इस रोजगार मेला में देशभर से आए हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस रोजगार मेले में टाटा अलायन्स, फ्लिपकार्ट, जेप्टो, वोल्टास, टेक महिंद्रा, पेटीएम, आदित्य बिरला, हिताची, अर्बन क्लैप जैसी 150 कंपनिया शामिल हुईं। ‘‘इस दौरान रोजगार मेले में लगभग 30000 युवाओ ने ऑनलाइन और 9000 से ज्यादा युवाओं ने अपना मौके पर ही पंजीकरण करवाया और लगभग 7000 युवाओं को हाथोंहाथ जॉब लेटर मिले। साथ ही साथ कई युवाओं को कंपनियों द्वारा दूसरे चरण के लिए भी आमंत्रित किया गया है।’’
यह भी पढ़ें- पेपर लीक व बढ़ती फीस से त्रस्त युवाओं के लिए राहुल गांधी ने शुरू किया अभियान छात्रों की गूंज, मांगे सुझाव
वहीं कार्यक्रम में शामिल सचिन पायलट समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने युवा कांग्रेस के इस प्रयास की सराहना की। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि जहां एक तरफ देश के युवा भाजपा के पेपर लीक और बेरोजगारी वाले मॉडल से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ़ राहुल गांधी के नेतृत्व में उनका संगठन ‘नौकरी, न्याय और जवाबदेही’ का मॉडल पेश कर रहा है।




















