वियतनाम में पर्यटकों से भरी नाव समुद्र में पलटी, 15 भारतीय की मौत, हेल्पलाइन नंबर जारी

वियतनाम
हादसे के बाद पर्यटकों को रेस्क्यू करती टीम।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। वियतनाम घूमने गए भारतीय पर्यटकों के साथ भीषण हादसा हो गया है। हनोई में भारतीय दूतावास ने बताया कि शनिवार को वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट (नाव) पलट गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि भारतीय मिशन ने हादसे की जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम बनाया है।

अधिकारियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नाव होन मे रुट आइलैंड से एन थोई पोर्ट जा रही थी, तभी समुद्र में लगभग 400 मीटर (440 गज) की दूरी पर वह पलट गई।  रिपोर्ट के मुताबिक जब ये हादसा हुआ उस समय समुद्र में हालात खराब थे और इलाके में ऊंची लहरें उठ रही थीं। दरअसल वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप, फु क्वोक, देश के सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक बन गया है और हाल के वर्षों में यहां बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक आने लगे हैं।

दक्षिणी वियतनाम के अधिकारियों का कहना है कि स्पीडबोट पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। अफसरों ने बताया कि जब यह नाव वियतनाम के फु क्वोक के पास ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप के पास पलटी, तो उस पर 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। हादसे में 21 लोगों को बचा लिया गया है। सभी 21 लोगों को बचाकर अस्पताल ले जाया गया, इनमें से दो की हालत गंभीर है। यही नहीं सभी 15 शवों को भी किनारे पर लाया गया है।

भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्टकर कहा, “एक दुखद घटना में, वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई है।” इसमें कहा गया है कि जानकारी और मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल और हनोई में दूतावास में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- युद्ध की आशंका के बीच भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए जारी की एडवाइजरी

वहीं हादसे में मरने वालों की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम से इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414। हनोई वाले दूसरे कंट्रोल रूम से इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। +84 91 308 9165 भारतीय मिशन ने कहा कि वे किसी भी तरह की मदद और सवालों के लिए उपलब्ध हैं।

यह भी पढ़ें- भारतीय नाविकों की हत्‍या पर ईरान ने USA को घेरा, कहा समुद्री लुटेरों जैसी अमेरिका की नीति