लखनऊ-कानपुर हाइवे पर लोडर से टकराई रोडवेज की खड़ी बस को डंपर ने मारी टक्‍कर, तीन यात्रियों की मौत

दर्दनाक‍ सड़क हादसा
प्रतीकात्‍मक फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। एक रोडवेज बस की लोडर से टक्कर हो गई थी, जिसके बाद बस से उतरे यात्री दूसरी बस में शिफ्ट किए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी चपेट में बस के पास खड़े यात्री आ गए और तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू किया।

इस संबंध में दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि शनिवार भोर में लखनऊ-कानपुर मार्ग पर एलन कूपर शोरूम के सामने लोडर वाहन (UP 90 AT 2907) में पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस (UP 28 KT 1929) टकरा गई। टक्कर के बाद बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।

बस का परिचालक यात्रियों को दूसरी बस में बैठाने की व्यवस्था कर रहा था। इसी दौरान कुछ यात्री बस से उतरकर उसके आस-पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए डंपर (UP 47 AT 1297) ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के पास खड़े चार लोग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने तीन घायलों को मृत घोषित कर दिया, एक घायल का उपचार किया जा रहा। घायल की पहचान इंद्रपाल सिंह (48) पुत्र प्रभाकर सिंह निवासी महुआ, थाना जहानगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी में वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच स्‍पेशल ट्रेन चलाएगा रेलवे, लखनऊ के यात्रियों को भी मिलेगी राहत 

वहीं मृतकों की पहचान राजेंद्र (50) पुत्र स्वामी प्रसाद निवासी मदनपुर, थाना कप्तानगंज, जनपद बस्ती, रामनरेश (40) पुत्र रामदास निवासी तुलसी तारा, थाना पूरा कलंदर, जनपद अयोध्या तथा शरद गुप्ता (25) पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र गुप्ता निवासी 469, मीरपुर कैंट, कानपुर नगर के रूप में हुई है.

ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। डंपर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं सीओ सिटी विनी सिंह का कहना है कि प्रथमदृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह प्रतीत हो रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

यह भी पढ़ें- आगरा-कानपुर हाईवे पर प्राइवेट बस ने मारी ट्रक में टक्‍कर, ड्राइवर-कंडक्टर की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल