आरयू वेब टीम। दिल्ली में स्थित ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची। सुरक्षाबलों द्वारा की गई गहन जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पड़ताल के बाद इस कॉल को पूरी तरह फर्जी (हॉक्स कॉल) घोषित कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात कॉलर ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि लाल किले को बम से उड़ा दिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम ने बिना वक्त गंवाए दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम को इस धमकी भरे फोन की जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस सूचना को उत्तरी जिला पुलिस के साथ साझा किया।
यह भी पढ़ें- राजधानी के दो कॉलेज को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
सूचना पाकर उत्तरी जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हरकत में आ गई। लाल किले और उसके आस-पास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा कर्मियों द्वारा पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। काफी देर तक चली इस गहन जांच-पड़ताल में पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या खतरा नहीं मिला। सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली और इस कॉल को ‘हॉक्स कॉल’ करार दिया। फिलहाल पुलिस कॉल करने वाले अज्ञात आरोपित की तलाश में जुट गई है।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के किसी महत्वपूर्ण स्थल को इस तरह की धमकी मिली हो। हाल के दिनों में, दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों, जिनमें अदालतें और सरकारी इमारतें शामिल हैं, को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के तीन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप




















