लखनऊ में बच्चों की स्कूली वैन पर कांवड़ियों ने किया पथराव, डरकर रोने लगे मासूम

कावंड़िए
लोगों की भीड़ देखकर भागते कावंड़िए।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों से भरी एक स्कूल वैन पर कांवड़ियों ने पथराव कर दिया। जिससे मासूम बच्चे दहल कर रोने लगे। राहगीरों ने बीच बचाव कर पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया।

मिली जाकारी के मुताबिक आज सुबह चरक चौराहे के पास बारिश के बीच सड़क पर कुछ कांवड़िए वैन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कांवड़ियों ने चालक के साथ मारपीट की। साथ ही वैन पर पथराव कर शीशा तोड़ दिया, हालांकि राहत की बात ये रही कि वैन में मौजूद किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।

स्कूल वैन चालक के अनुसार, बारिश के दौरान बाइक से जा रहे कुछ कांवड़िए वैन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। ओवरटेक नहीं कर पाने के कारण दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद कुछ कांवड़ियों ने गुस्से में स्कूल वैन को निशाना बनाते हुए पथराव कर दिया। इस दौरान वैन के शीशे तोड़ दिए गए। ड्राइवर को पीटा भी गया।।

घटना के समय स्कूल वैन में कई बच्चे सवार थे, अचानक हुए पथराव और तोड़फोड़ से बच्चे बुरी तरह  सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन के अंदर मौजूद बच्चे रोने लगे और पूरे घटनाक्रम से भयभीत दिखाई दिए। गनीमत रही कि किसी बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान कुछ कांवड़िए अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- DGP का यूपी के पुलिस अधिकारियों को निर्देश, कांवड़ यात्रा पर रखें विशेष चौकसी बरतें, नहीं बिके मास-मदिरा

प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि स्कूल वैन के शीशे तोड़े गए और चालक के साथ मारपीट की गई, जबकि उस समय वाहन के अंदर मासूम बच्चे मौजूद थे। लोगों ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बारिश के दौरान बाइक से जा रहे कांवड़ियों और स्कूल वैन चालक के बीच ओवरटेक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद तोड़फोड़ की घटना हुई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया और कांवड़ियों को आगे रवाना किया।

यह भी पढ़े- CM योगी की कांवड़ियों से अपील, कांवड़ यात्रा में बनाए रखें अनुशासन, हम सब है श्रीराम के वंशज