यूपी के सभी मदरसों में मनाया जाएगा “हर घर तिरंगा अभियान”: दानिश अंसारी

हर घर तिरंगा
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। “हर घर तिरंगा अभियान” के तहत उत्‍तर प्रदेश के सभी मदरसों में भी तिरंगा फहराया जायेगा। यह जानकारी आज यूपी सरकार के राज्यमंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग) दानिश आजाद अंसारी ने मीडिया को दी है।

दानिश ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदेश के सभी मदरसों तक पहुंचाने के लिए प्रमुख सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने यूपी बोर्ड ऑफ मदरसा एजुकेशन एक्ट 2004 को बताया असंवैधानिक

अपनी सरकार की तारीफ करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने वाला जन अभियान है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

साथ ही कहा कि यूपी के सभी मदरसों में छात्र-छात्राओं युवाओं को अभियान से जोड़ा जाए तथा तिरंगा फहराने, राष्ट्रगान, देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों और स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के योगदान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

पढ़ने वाले विद्यार्थियों में देशभक्ति,…

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से मदरसों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री के आह्वान और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का हर वर्ग इस अभियान से जुड़ेगा और पूरे उत्साह के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संदेश देगा।