आरयू वेब टीम। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) की तरफ से नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट फॉर पोस्टग्रेजुएट यानी नीट पीजी काउंसलिंग 2026 के राउंड-1 के लिए रजिस्ट्रेशन सोमवार से शुरू हो चुके हैं। नीट पीजी परीक्षा देने वाले उम्मीदवार इसमें शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट http://mcc.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रजिस्ट्रेशन की ये विंडो 21 अक्टूबर 2026 तक खुली रहेगी, ऐसे में पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन कर लें।
यह भी पढ़ें- NEET पीजी काउंसलिंग में सुप्रीम कोर्ट ने 27 फीसदी OBC आरक्षण को दी मंजूरी
नीट पीजी 2026 परीक्षा में क्वालीफाई करने वाले और निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले उम्मीदवार राउंड 1 की काउंसलिंग में हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा उम्मीदवारों को संबंधित मेडिकल कॉलेज और काउंसलिंग प्राधिकरण की प्रवेश संबंधी शर्तें भी पूरी करनी होगी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी अखिल भारतीय कोटा के 50 प्रतिशत पीजी मेडिकल सीटों के लिए काउंसलिंग आयोजित करते हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालयों, डीम्ड यूनिवर्सिटी और कर्मचारी राज्य बीमा निगम के संबंधित संस्थाओं की सीटें भी इसी प्रक्रिया में शामिल है।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
रजिस्ट्रेशन के लिए सबसे पहले एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट http://mcc.nic.in पर जाएं।
पीजी मेडिकल काउंसलिंग सेक्शन पर क्लिक करें।
कैंडिडेट एक्टिविटी सेक्शन में नीट पीजी 2026 काउंसलिंग रजिस्ट्रेशन के लिंक पर क्लिक करें।
न्यू रजिस्ट्रेशन का ऑप्शन चुनने के बाद अपना लॉगइन क्रिएट करें।
काउंसलिंग एप्लीकेशन फॉर्म खुलेगा, इसमें सभी जरूरी जानकारी भरें।
मांगे गए जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
रजिस्ट्रेशन फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट का भुगतान करें।
सभी जानकारियों को एक बार ठीक से पढ़ने के बाद सबमिट कर दें।
ये है पूरा शेड्यूल
राउंड-1 के लिए च्वाइस फिलिंग यानी पसंदीदा कॉलेज चुनने का प्रोसेस 13 अक्टूबर से शुरू होगा और 22 अक्टूबर तक चलेगा।
एमसीसी की तरफ से 22 और 23 अक्टूबर को राउंड-1 के लिए सीट अलॉटमेंट प्रोसेस पूरा किया जाएगा।
इसके बाद 24 अक्टूबर को इसका रिजल्ट जारी किया जाएगा, जिसके बाद उम्मीदवारों को रिपोर्ट करना होगा।
रिपोर्टिंग और ज्वाइनिंग की तारीख 26 अक्टूबर से लेकर दो नवंबर तक है।
क्या है फ्रीज-फ्लोट का नियम?
उम्मीदवार अपनी सीट को फ्रीज करने का ऑप्शन चुन सकते हैं। इस बार इसके लिए कॉलेज में फिजिकली मौजूद होना अनिवार्य नहीं है। एक सीट छोड़कर दूसरी सीट पर जाने के लिए वेरिफिकेशन ऑनलाइन होगा। एनआरआई कोटे के लिए भी ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड की सुविधा दी गई है। बिना फीस दिए च्वाइस फिलिंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। नीट पीजी काउंसलिंग के राउंड-1 में रजिस्ट्रेशन करवाने वाले उम्मीदवारों को राउंड-2 के लिए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी।




















