NEET PG एग्जाम में भी गड़बड़ी, अभ्यर्थियों ने की नारेबाजी, जयपुर के सेंटर पर रद्द हुई परीक्षा

नीट पीजी
एग्जाम सेंटर के बाहर नारेबाजी करते अभ्यर्थी।

आरयू वेब टीम। देश में आयोजित होने वाली कई बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद अब नीट पीजी परीक्षा में भी लापरवाही का मामला सामने आया है। जयपुर के सीतापुरा केंद्र पर नीट पीजी एग्जाम के दौरान सर्वर में अचानक गड़बड़ी आ गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों में परीक्षा में दिक्कत का सामना करना पड़ा। जिससे परेशान अभ्यर्थियों ने एग्जामिनेशन हॉल से बाहर निकलकर परीक्षा कराने वाली एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। मामला बढ़ता देख नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने एग्जाम को रद्द कर दिया है।

वहीं एनबीईएमएस की ओर से नोटिस जारी करके एग्जाम की नई तारीख का ऐलान कर दिया गया है। सूचना के मुताबिक, अब इस सेंटर पर पांच सितंबर को दोबारा एग्जाम का आयोजन किया जाएगा। ये एग्जाम दोपहर तीन बजे से आयोजित की जाएगी। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि दोबारा परीक्षा केंद्र समेत अन्य जानकारी अलग से जारी कर संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। साथ ही एनबीईएमएस ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर खेद भी जताया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, नीट पीजी की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को दो घंट में दस बार सर्वर में दिक्कत का सामना करना पड़ा। बार-बार गड़बड़ी होने के बाद छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर आ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रशासन का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्रों के बाहर आने से परीक्षा की गोपनीयता भंग हुई, क्योंकि कई छात्रों ने इस दौरान सवालों को भी डिस्कस किया, जिससे पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। ऐसे में कई छात्रों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराए जाने की मांग की।

यह भी पढ़ें- NEET PG 2026 के नए नियम जारी, आधार वेरीफिकेशन से होगी एंट्री

बता दें कि एनबीईएमएस के अनुसार 30 अगस्त को देशभर में 2,73,096 पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए 1111 केंद्रों पर नीट -पीजी 2026 परीक्षा आयोजित की गई। इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए और लगभग 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हुई। एनबीईएमएस ने कहा है कि जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन आइडीजी सीतापुर के टीसी नंबर 41682 एवं 41683 पर केंद्र में आंतरिक तकनीकी समस्या के कारण सर्वर डाउन होने से परीक्षा पूरी नहीं हो सकी।

यह भी पढ़ें- NEET Re-Exam: नागपुर स्टूडेंट को अबूधाबी में मिला सेंटर तो राहुल गांधी ने कहा, NTA को परीक्षा कराने का हक नहीं