चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट

चक्रवाती तूफान

आरयू वेब टीम। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ तेजी से ताकतवर हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तूफान को लेकर ताजा अपडेट जारी करते हुए आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अलर्ट की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम और उससे सटी दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब चक्रवाती तूफान में बदल गया है। जिसके 24 से 36 घंटों में और अधिक शक्तिशाली होने की संभावना है।

आइएमडी के मुताबिक तूफान दो नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं चलने और ऊंची लहरें उठने की आशंका है। तूफान का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में गहराया चक्रवाती तूफान का खतरा, सात राज्यों में बदलेगा मौसम, चेतावनी जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके दो नवंबर की रात 11:30 बजे से तीन नवंबर की सुबह चार बजे के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक देने का अनुमान है। तूफान के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार करने की आशंका जताई गई है।

हवा की रफ्तार होगी 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा

तट से टकराने के समय यह गंभीर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में रह सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि तेज झोंकों के साथ इसकी गति 120 किलो मीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आइएमडो के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के आगे बढ़ने के साथ हवा की गति में लगातार बदलाव होगा। इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने पर तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में भी स्थिति बेहद खराब रहने की आशंका है।

समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की…

जारी ट्रैक मैप में तूफान के संभावित रास्ते और उसकी दिशा को दर्शाया गया है। इसके अनुसार, तूफान का प्रभाव दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, इसके वास्तविक रास्ते और तीव्रता में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस दौरान चक्रवाती तूफान मुरासु के कारण बंगाल की खाड़ी में समुद्री परिस्थितियां बेहद खराब होने का अनुमान है। आइमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, समुद्र में 28 से 33 नॉट की रफ्तार वाली हवाओं के दौरान भी समुद्र बहुत अशांत रहेगा और समुद्र में बहुत ऊंची लहरें उठने की आशंका है।

यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान अर्नब हुआ रौद्र, कई ट्रेनें रद्द, कुछ का बदला रूट, एडवाइजरी जारी