आरयू वेब टीम। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दो दिनों के भीतर आप के तीन विधायकों ने न सिर्फ इस्तीफा दे दिया। बल्कि सोमवार को तीनो विधायकों ने ही भाजपा का दामन थाम लिया है।
अमृतसर नॉर्थ से विधायक और पूर्व आइपीएस अफसर कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोमवार को पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इससे पहले रविवार को पटियाला जिले के समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। तीनों नेताओं ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने स्पीकर को भेजा इस्तीफा
अमृतसर नॉर्थ से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेजा है। उन्होंने इस्तीफे में एक नवंबर 2026 से अपनी विधानसभा सीट छोड़ने की बात कही है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। कुंवर विजय प्रताप सिंह के भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी नेतृत्व के साथ लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। वह लगातार सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे। सोमवार को कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का हाथ थाम लिया है।
यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव से पहले लगा AAP को झटका, दो विधायकों ने दिया प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा
इन विधायकों का इस्तीफे ऐसे समय आए, जब आप ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। हालांकि इस सूची में समाना और सनौर सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया गया था।




















