हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में BJP की जीत को स्वतंत्र देव ने बताया मोदी-योगी सरकार के सुशासन की विजय

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने खुशी जाहिर की है। प्रदेश अध्‍यक्ष ने भाजपा की इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी सुशासन और कार्यकर्ता के परिश्रम की विजय बताया।

स्वतंत्र देव सिंह ने हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की विजय पर जनता के प्रति आभार व्यक्त किया व पार्टी प्रत्याशी युवराज सिंह को भी उनकी जीत पर बधाई दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की विजय से सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्‍वास की मोदी व योगी सरकार की नीतियों की विजय हुई है। साथ ही उन्‍होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी जीत की बधाई दी। वहीं स्‍वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा की जीत अगले महीने 11 विधानसभाओं में होने वाले उपचुनाव मे भी जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- UP कैबिनेट में कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण सहित इन 18 प्रस्‍तावों को मिली मंजूरी

बता दें कि चार राज्यों में हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की हमीरपुर और त्रिपुरा की सीट पर  कब्जा कर लिया है। हमीरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के युवराज सिंह ने चुनाव जीता है। उन्होंने सपा के मनोज प्रजापति को हराया है। युवराज सिंह को 74500 मत मिले हैं, जबकि सपा को 57300 मत मिले। भाजपा ने यह सीट 17 हजार मतों के अंतर से जीती। इस सीट पर 51 फीसदी मतदान हुआ था। हमीरपुर विधायक रहे अशोक सिंह चंदेल को हत्या के एक मामले में हाई कोर्ट से आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद उनकी सदस्यता खत्म होने से यह सीट रिक्त हुई थी।

यह भी पढ़ें- बोले स्‍वतंत्र देव, मोदी-योगी सरकार दे रही उपेक्षित किसानों को उनका हक

वहीं त्रिपुरा की बाधरघाट विधानसभा सीट पर भाजपा की मिनी मजूमदार ने जीत हासिल की है। उन्होंने सीपीआई-एम के बुलती बिस्वास को 5276 मतों के अंतर से हराया है। यह सीट भाजपा के विधायक रहे दिलीप सरकार के निधन के कारण खाली हो गई थी। मजूमदार को 20487 मत मिले, जबकि बिस्वास को 15211 मत मिले।

यह भी पढ़ें- सदस्‍यता अभियान में कार्यकर्ताओं से बोले स्‍वतंत्र देव, BJP में कार्यकर्ता ही बनते हैं PM व CM