भाजपा का प्रियंका को जवाब, “यूज एंड थ्रो” वाला है किसानों के लिए गांधी परिवार का रवैया

यूज एंड थ्रो

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। बारिश व ओले गिरने के बाद बर्बाद हुई किसानों की फसल को लेकर राजनीतिक पार्टियों में जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है। मुआवजे को लेकर योगी सरकार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा उठाएं गए आज सवाल के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस और गांधी परिवार का रवैया किसानों के लिए ‘‘केवल यूज एंड थ्रो’’ का ही रहा है। यही वजह है कि इस परिवार के नेताओं को किसान केवल तभी याद आते हैं जब चुनाव पास आता है।

शनिवार को बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्‍ता डॉ. चंद्रमोहन ने कहा कि साल 2017 के चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में आकर ‘खाट पंचायत’ कर किसानों को इस्तेमाल कर उन्हें चुनावी मोहरा बनाया और उसके बाद पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने अपनी राजनीति चमकाने के लिए किसानों का इस्तेमाल किया।

यह भी पढ़ें- ओलावृष्टि व जलभराव से फसलों के नुकसान की सूचना 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर पर दें किसान

उन्‍होंने आगे कहा कि गांधी परिवार की हरकतों से बखूबी वाकिफ हो चुके यूपी के किसानों ने पिछले दोनों चुनावों में कांग्रेस को करारी हार दी। इससे सबक लेने की बजाय गांधी परिवार और कांग्रेस लगातार किसानों को बरगलाने में जुटी है। चंद्रमोहन ने आज प्रियंका द्वारा उठाए गए सवाल पर कहा कि इसका जीता जागता उदाहरण प्रियंका वाड्रा का वह हालिया ट्वीट है जिसमें उन्होंने दूसरी जगह की फोटो को यूपी का बताकर किसानों का मुद्दा उठाया।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावितों की मदद करने का अफसरों को दिया निर्देश

साथ ही प्रदेश प्रवक्‍ता नेे दावा किया कि प्रदेश में हो रही बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन को 24 घंटों के भीतर किसानों को राहत राशि देने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है। किसानों के लिए ही प्रदेश की भाजपा सरकार ने राज्य की सबसे बड़ी “मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना” की शुरुआत की है। इस योजना के दायरे में दस करोड़ से अधिक किसान, बटाईदार और पट्टेदार आएंगे। प्रदेश सरकार पहली बार वन क्षेत्र के बाहर कृषि वानिकी यानी किसानों के पेड़ का प्रमाणीकरण करने जा रही है। इससे किसानों को पेड़ की लकड़ी का अधिक मूल्य मिलेगा।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का योगी सरकार पर हमला, कोरे दावे की जगह नुकसान का दें किसानों को मुआवजा