आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए दो नेताओ को अपने पाले में कर लिया है। इनमें बस्ती से पूर्व सांसद रहे अरविंद कुमार चौधरी और सीबीआइ के पूर्व अधिकारी अनिल यादव शामिल हैं।
बुधवार को लखनऊ में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में दोनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह और धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे। पंकज चौधरी ने उनके शामिल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि “मैं अनिल जी और अरविंद जी का भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत करता हूं।
साथ ही कहा कि उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में इस मंच को स्वीकार किया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हम हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और उनकी गरिमा और सम्मान के लिए लड़ेंगे।” एक पूर्व सांसद और एक उच्च पदस्थ पूर्व कानून प्रवर्तन अधिकारी का पार्टी में शामिल होना भाजपा के लिए एक रणनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि अरविंद कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ। 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर बस्ती संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने सपा प्रत्याशी राजकिशोर सिंह को हरा कर पहली बार लोकसभा पहुंचे थे। अरविंद चौधरी 2009 से 2014 तक बस्ती के सांसद रहे। हालांकि, 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के हरीश द्विवेदी से चुनाव हार गए। इसके बाद 2020 में अरविंद चौधरी ने अपने चाचा राम प्रसाद चौधरी के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था।
सीबीआइ की नौकरी छोड़ राजनीति में आए
सीबीआइ में अधिकारी रहे अनिल यादव वर्ष 2015 में सरकारी नौकरी से इस्तीफा देकर सामाजिक गतिविधियों से जुड़ गए। इसके बाद उन्होंने अपने पिता बीपी यादव के नाम पर फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक कार्य किए। वहीं अनिल यादव के पिता बीपी यादव समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। अक्टूबर 2020 में अनिल यादव ने तत्कालीन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। अब उन्होंने भी सपा छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है।
यह भी पढ़ें- भाजपा में शामिल हो बोले लिएंडर पेस, सदस्यता पर्ची मेरे ऊपर एक जिम्मेदारी




















