आरयू वेब टीम। इंडियन क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज एमएस धोनी ने आइपीएल से संन्यास ले लिया है। धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटॉर बन गए हैं। मंगलवार को आइपीएल की सभी टीमों को अपनी-अपनी रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करनी थी। चेन्नई ने रिटेंशन लिस्ट जारी करने से पहले एमएस धोनी के संन्यास लेने और टीम के मेंटॉर बनने का एलान कर फैंस को झटका दिया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर एमएस धोनी के मेंटॉर बनने और आइपीएल से संन्यास लेने की जानकारी दी है। धोनी आइपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेले थे, लेकिन वह टीम के साथ मैदान पर आते थे और फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में स्टेडियम पहुंचते थे। हालांकि पिछले पूरे सीजन माही एक भी मैच नहीं खेले। अब उन्होंने बिना फेयरवेल मैच के ही आइपीएल से संन्यास ले लिया है, लेकिन उन्होंने चेन्नई का साथ नहीं छोड़ा है। आइपीएल 2027 में वह मेंटॉर की भूमिका में नजर आएंगे।
एमएस धोनी ने मंगलवार को लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया। मंगलवार को उन्होंने आइपीएल से संन्यास ले लिया। इस तरह उनका 18 साल का करियर समाप्त हुआ। धोनी पिंडली में चोट की वजह से आईपीएल 2026 में नहीं खेले थे। एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 आईपीएल खिताब जीते। माही ने 2023 में कप्तान के रूप में अपनी अंतिम ट्रॉफी जीती।
यह भी पढ़ें- T-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली ने किया संन्यास का ऐलान
इसके बाद उन्होंने कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी। धोनी हमेशा चेन्नई के साथ ही रहे। जब चेन्नई दो साल के लिए आईपीएल से बैन हुई थी तब वे राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स से खेले थे। धोनी के आइपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने कुल 278 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 38.3 की बैटिंग औसत और 137.46 के स्ट्राक रेट से 5439 रन बनाए। धोनी आईपीएल में कभी शतक नहीं लगा सके। उनका सर्वाधिक स्कोर 84 रन रहा। वह आइपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले सातवें बल्लेबाज हैं।


















