अमेरिका की जांच एजेंसी FBI की टॉप-10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़

एफबीआइ

आरयू वेब टीम। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ गई  है। अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआइ ने उसे अपनी दस मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। वहीं कनाडा ने भी उसे 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में पहले नंबर पर रखा है। दोनों देशों की एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं।

एफबीआइ ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर दस लाख अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है। साथ ही कनाडा में उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम रखा गया है। एसबीआइ के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़ा है और उत्तरी अमेरिका में इस गैंग का कथित प्रमुख संचालक है। अमेरिकी एजेंसी ने उस पर हत्या, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप लगाए हैं।

यह भी पढ़ें- कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने की बिजनेसमैन की हत्या, पंजाबी सिंगर के घर पर भी बरसाईं गोलियां

एफबीआइ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस गैंग पर अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, मारपीट, जबरन वसूली और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने का आरोप है। गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका में कई संघीय आरोप भी दर्ज किए गए हैं। वहीं अमेरिका के बाद अब कनाडा में भी गोल्डी बराड़ की तलाश तेज हो गई है। कनाडा के बीओएलओ प्रोग्राम की 2026 की नई टॉप-25 मोस्ट वांटेड सूची में उसे पहले स्थान पर रखा गया है।

सुखदूल सिंह की हत्या के मामले में तलाश

कनाडा की पुलिस उसे सितंबर 2023 में हुई सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में तलाश रही है। इस मामले में गोल्डी बराड़ के खिलाफ फर्स्ट डिग्री मर्डर और हत्या की साजिश से जुड़े आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं। उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा। यह इनाम कनाडा या अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने पर भी लागू है।

अमेरिकी एजेंसी ने की लोगों से अपील

एफबीआइ ने गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर दस लाख अमेरिकी डॉलर तक का इनाम घोषित किया है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 9.6 करोड़ रुपये होती है। अमेरिकी एजेंसी ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को गोल्डी बराड़ के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती है, तो वह सीधे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचित करे। एफबीआइ ने उसे बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया है।

भारत में भी वांछित है गोल्डी बराड़

गोल्डी बराड़ का नाम भारत में भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। भारत में भी सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं। अमेरिका और कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल होने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश और तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें- गोल्डी बराड़ को केंद्र ने UAPA के तहत घोषित किया आतंकी