आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हाल ही में जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। जमीन से जुड़े करीब 19 साल पुराने मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोबारा जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में पुलिस ने आजम खान को नोटिस जारी कर उनके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक, जांच अधिकारी नोटिस लेकर आजम खान के आवास पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय वह घर पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस तामील कराया और वापस लौट गई। अब जांच के दौरान आजम खान के बयान दर्ज किए जाएंगे। ये मामला रामपुर की गंज कोतवाली क्षेत्र में स्थित तूती वाला मकबरा के पास की जमीन से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग केस में आजम खान को झटका, कोर्ट ने 26 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
बताया जाता है कि सपा सरकार के दौरान प्रशासन ने इस जमीन पर बनी एक दुकान से कब्जा हटवाया था। दुकान मुहल्ला सराय सहादत यार खां निवासी अफसर अली के नाम पर थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के खिलाफ साल 2007 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बिना पूर्व नोटिस दिए दुकान को तोड़ दिया गया। साथ ही इस कार्रवाई के पीछे तत्कालीन सपा नेता आजम खान का हाथ होने का आरोप भी लगाया गया था। मामले में आजम खान के अलावा तत्कालीन उप जिलाधिकारी नलिन कुमार अवस्थी को भी नामजद किया गया था।
न्यायालय के आदेश पर खुलेगी जांच फाइल
यह मामला लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में चलता रहा। इस बीच मुकदमे के वादी और तत्कालीन उप जिलाधिकारी का निधन हो गया। पुलिस पहले ही मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा चुकी थी। हालांकि, वर्तमान में मुकदमे की पैरवी कर रहे जुल्फिकार ने पुलिस की जांच पर असंतोष जताते हुए न्यायालय में दोबारा विवेचना कराने की मांग की थी। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने मामले की फिर से जांच करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने जांच की जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा को सौंपी।
मामले से जुड़े तथ्यों की…
जांच अधिकारी पवन कुमार शर्मा के मुताबिक, न्यायालय के निर्देश पर आजम खान को नोटिस जारी किया गया है। उनकी मौजूदगी में नोटिस देने के लिए आवास पर पुलिस टीम पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिले। ऐसे में उनके अधिवक्ता को नोटिस उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की दोबारा जांच करेगी। इसके साथ ही आजम खान के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















