आरयू ब्यूरो, लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। बसपा मुखिया ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बहुजन समाज को सत्ता में भागीदारी दिलाने का सपना आज भी अधूरा है। देश की आजादी के इतने साल बाद भी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और दूसरे उपेक्षित वर्गों को सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं मिल सकी है। मायावती ने इस पर बहुजन समाज से गंभीरता से सोचने की अपील की।
यह भी पढ़ें- मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया फेक, कहा बसपा को कमजोर दिखाने की हो रही साजिश
मायावती ने गुरुवार को अपने बयान में कहा कि डॉ अंबेडकर ने देश में बहुजन समाज के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों व अन्य उपेक्षितों को, जातिवादी शोषण से मुक्ति दिलाकर, उन्हें चुनाव व लोकतंत्र द्वारा ’शासक वर्ग’ बनाने के लिये आजीवन कड़ा संघर्ष किया, लेकिन उन सबके मसीहा बाबा साहब का ’आत्म-सम्मान व स्वाभिमान’ का मिशन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं ले पाने के कारण आज भी अधूरा है। आज संविधान दिवस के दिन बहुजन समाज को इस पर सोच-विचार व गंभीर चिंतन करने के लिए कहा।
बाबा साहब ने कहा था कि जातियां देश-विरोधी
साथ ही कहा कि डॉ अंबेडकर ने संदेश दिया था कि ’सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक्की, विकास के तमाम बन्द दरवाजे खुल जाते हैं’, देश की आजादी के इतने लम्बे अर्से के बाद तथा उनके द्वारा बनाये गये मानवतावादी व कल्याणकारी संविधान के होने के बावजूद भी, बहुजनों से दिल्ली की सत्ता इतनी दूर क्यों हैं? मायावती ने आरोप लगाया कि केंद्र में अब तक की सरकारों ने आरक्षण के संवैधानिक दायित्व, गरीबी, बेरोज़गारी, शिक्षा, स्वास्थ्य व आत्म-सम्मान आदि की अति-महत्वपूर्ण बुनियादी जरूरतों को, क्या ईमानदारी व निष्ठा के साथ नहीं निभाया तो उसका हिसाब- किताब अभी तक क्यों नहीं हुआ? संविधान सभा में समापन भाषण में बाबा साहब ने कहा था कि जातियां देश-विरोधी हैं, जातिवाद का परित्याग जरूरी है तथा भारत को देश से राष्ट्र में बदलने हेतु ठोस उपाय करने होंगे।
हमें राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं होना
वहीं बसपा सुप्रीमो ने कहा कि हमें राजनीतिक स्वतंत्रता से संतुष्ट नहीं हो जाना चाहिये बल्कि सामाजिक व आर्थिक लोकतंत्र भी देश के सम्पूर्ण व समग्र विकास के लिये जरूरी है, जिस समता, समानता एवं बंधुता की बेहतरीन मिसाल बसपा ने उत्तर प्र्रदेश में अपने चारों शासनकाल में ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त पर चलकर यहां ’सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ का सुखद सूत्रपात किया, मजबूत बुनियाद डाली है।
माल-मजहब सुरक्षित रखने की गारंटी एकमात्र बसपा
इस दौरान आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए बसपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब में विधानसभा आमचुनाव काफी नजदीक है, इसलिए बाबा साहब की मंशा को जमीन पर उतारना जरूरी है, जो सर्वसमाज का हित एवं उनके जान, माल व मजहब आदि सुरक्षित रखने की गारंटी एकमात्र बसपा की तरक्की और उसके द्वारा ’बहुजन समाज’ के उत्थान से ही संभव है।
कानून का आयरन राज…
मायावती ने आगे कहा कि बसपा को विरोधी दलों, जातिवादी तत्वों व घोर स्वार्थी संगठनों आदि के साम, दाम, दंड, भेद आदि अनेकों प्रकार के हथकंडों का सामना करते हुए सत्ता की मंजिल तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि यूपी में कानून द्वारा कानून का आयरन राज तथा जनहित, जनकल्याण व विकास के मामलों में भी ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की बेहतरीन हुकूमत स्थापित हो सके। तभी बाबा साहब के संविधान का कल्याणकारी राज्य का सपना काफी हद तक साकार होगा। आज ’संविधान दिवस’ पर लोगों का यही संकल्प हो तो यह देश व जनहित में होगा।




















