आरयू वेब टीम। ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें सर्दियां और कोहरा बढ़ाने वाला है। उत्तर रेलवे ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दूसरे इलाकों में चलने वाली कुल 58 ट्रेनों को तीन महीने के लिए रद्द करने का फैसला किया है। इनमें दिल्ली से शामली और जींद जाने वाली ट्रेनें ही नहीं, बल्कि गाजियाबाद से नई दिल्ली और मेरठ सिटी के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें भी शामिल हैं।
ये व्यवस्था एक दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। रेल अधिकारियों के मुताबिक, कोहरे के दौरान दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होती है। एक्सप्रेस ट्रेनों को भी गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है। इसी परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे ने अलग- अलग मंडलों में चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है।
दिल्ली मंडल में सबसे ज्यादा 25 पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसका असर दिल्ली से आसपास के शहरों तक रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। दिल्ली-शामली (54057/ 54058) और दिल्ली-जींद (54031/54034) रूट की ट्रेनें तीन महीने तक नहीं चलेंगी। इसके अलावा गाजियाबाद-नई दिल्ली (64449), नई दिल्ली-गाजियाबाद (64428), गाजियाबाद-नई दिल्ली (64431), नई दिल्ली- गाजियाबाद (64450), गाजियाबाद-दिल्ली (64445) और दिल्ली-गाजियाबाद (64412) की ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी सायरन बजने से मची अफरा-तफरी, हादसे की सच्चाई पता चलने पर यात्रियों ने ली राहत की सांस
वहीं नई दिल्ली-कोसीकलां (64074/64073) रूट पर चलने वाली ट्रेनें भी इस फैसले से प्रभावित होंगी। वहीं, दिल्ली सराय रोहिल्ला-फर्रुखनगर (74033/74036) और गढ़ी हरसरू-फर्रुखनगर (74031/74038) के बीच चलने वाली ट्रेनें भी इस अवधि में नहीं चलेंगी। साथ ही नई दिल्ली-शकूरबस्ती (64095) रूट की ट्रेन भी रद्द रहेगी। इसके अलावा अंबाला कैंट-पानीपत (64532/64541) की ट्रेनें भी दिल्ली मंडल की रद्द होने वाली ट्रेनों में शामिल हैं।
गाजियाबाद-मेरठ और मुरादाबाद रूट भी ट्रेने रद्द
दिल्ली मंडल के अलावा मुरादाबाद मंडल में भी 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें मुरादाबाद-गाजियाबाद और गाजियाबाद-मेरठ सिटी के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इनके ट्रेन नंबर 64553/64554 और 64555/64556 हैं। इस फैसले से गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। साथ ही अंबाला मंडल की नौ, फिरोजपुर मंडल की 12 और जम्मू मंडल की दो ट्रेनें भी रद्द रहेंगी। इस तरह अलग-अलग मंडलों की कुल 58 ट्रेनें कोहरे के कारण तीन महीने तक प्रभावित रहेंगी।
कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव
इस दौरान रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव भी किया है। पानीपत-अंबाला कैंट (64451) ट्रेन अंबाला कैंट तक नहीं जाएगी, बल्कि इसे कुरुक्षेत्र तक ही चलाया जाएगा। यानी इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेलवे की यह व्यवस्था एक दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। ऐसे में दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, शामली, जींद, फर्रुखनगर और आसपास के इलाकों के यात्रियों को सलाह है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति जरूर पता कर लें।












