AAP को बड़ा झटका, हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में 15 पार्षदों ने बनाई नई पार्टी, ये होगा नाम

आप को झटका

आरयू वेब टीम। दिल्‍ली की सत्ता जाने के बाद से ही आम आदमी पार्टी में अंदरूनी कलह की चर्चा चल रही है। इस बीच
आप को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के पार्षद हेमचंद्र गोयल के नेतृत्व में करीब 15 पार्षदों की शनिवार को बैठक हुई और इसमें कई फैसले लिए गए। सभी 15 पार्षदों ने थर्ड फ्रंट बनाने का ऐलान किया है। साथ ही नए गुट का नाम ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ रहने की संभावना है, जिसका नेतृत्व मुकेश गोयल को देने का फैसला लिया गया है।

थर्ड फ्रंट बनाने वालों में दिनेश भारद्वाज, सुमन अनिल राणा, मुकेश गोयल, हेमचंद्र गोयल आदि शामिल हैं। मुकेश गोयल ने कहा कि करीब 15 पार्षदों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर नई पार्टी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया है। सत्ता में होने के बावजूद हम दिल्ली की जनता की सेवा के लिए काम नहीं कर सके। अंदरूनी कलह के कारण हम काम नहीं कर सके।

वहीं आप से इस्तीफा देने पर पार्टी पार्षद हिमानी जैन ने कहा कि हमने नई पार्टी बनाई है, इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी। हमने आप से इस्तीफा दे दिया है। पिछले 2.5 साल में निगम में कोई काम नहीं हुआ जो होना चाहिए था। हम सत्ता में थे, फिर भी हमने कुछ नहीं किया। हमने नई पार्टी बनाई है क्योंकि हमारी विचारधारा दिल्ली के विकास के लिए काम करना है। हम उस पार्टी का समर्थन करेंगे जो दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी। अब तक 15 पार्षद इस्तीफा दे चुके हैं और भी शामिल हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- AAP से नाता तोड़ कैलाश गहलोत ने शीशमहल-यमुना का जिक्र कर कहा, नहीं बचा था कोई विकल्प

दरअसल आप के पास अभी 113 सदस्य हैं। हालांकि, इसमें से अब 15 कम हो गए हैं। भाजपा के पास 117 सदस्य हैं। वहीं, कांग्रेस के पास आठ पार्षद हैं। बता दें कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अपनी स्थायी समिति में दो रिक्त पदों को भरने के लिए 22 मई को चुनाव कराएगा, साथ ही विभिन्न वार्ड समितियों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के लिए भी चुनाव कराएगा। एक नोटिस में यह जानकारी दी गई। विधायक चुने जाने के बाद दो पार्षदों के इस्तीफे के कारण एमसीडी को स्थायी समिति में रिक्त पदों को भरने के लिए चुनाव कराने पड़ रहे हैं। ये पार्षद पहले क्रमशः दक्षिण जोन और सिटी-एसपी जोन वार्ड समितियों से स्थायी समिति के लिए चुने गए थे।

चुनाव 22 मई को होगा और गुप्त मतदान के माध्यम से प्रतिनिधि चुने जाएंगे। इसी दिन विभिन्न वार्ड समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए भी चुनाव होंगे। इनमें नजफगढ़, रोहिणी, करोल बाग, मध्य, नरेला, दक्षिण और सिटी-एसपी जैसे जोन की समितियां शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- AAP छोड़ भाजपा में शामिल हुए कैलाश गहलोत, कहा ED-CBI के दबाव वाली बात है गलत