चंडीगढ़ में AAP को झटका, भाजपा की सरबजीत कौर बनीं मेयर, पार्षदों का हंगामा

चंडीगढ़ मेयर

आरयू वेब टीम। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के बाद बड़ा उलटफेर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मेयर पद पर कब्जा कर लिया है। भाजपा की सरबजीत कौर को मेयर चुन लिया गया है। नगर निगम चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने वाली आम आदमी पार्टी (आप) को 35 में से 14 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि भाजपा को 12 और कांग्रेस ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिसके बाद कांग्रेस ने मेयर पद के लिए कोई भी उम्मीदवार नहीं उतारा था।

वहीं आप की तरफ से अंजू कात्याल का मुकाबला भाजपा की सरबजीत कौर से था। कांग्रेस से निकाले जाने के बाद देवेंद्र सिंह बबला अपनी नवनिर्वाचित पार्षद पत्नी हरप्रीत कौर बबला के साथ भाजपा में शामिल हो गए, जबकि भाजपा के पास सांसद किरण खेर का भी वोट था। जिसको मिलाकर भाजपा के खाते में भी 14 वोट हो गए। ऐसे में भाजपा और आप के पास 14-14 वोट थे। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा की सरबजीत कौर 14 वोटों से चंडीगढ़ नगर निगम की मेयर चुनी गईं। कुल 28 वोट डाले गए थे।

यह भी पढ़ें- #UPElection: AAP ने जारी की 30 विधानसभा प्रत्याशियों की संभावित लिस्ट

भाजपा की मेयर द्वारा जीत दर्ज किए जाने के बाद चंडीगढ़ नगर निगम के हॉल में आप पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। मिली जानकारी के मुताबिक, आप का एक वोट खारिज कर दिया गया और चुनाव अधिकारियों ने भाजपा की सरबजीत कौर को नया मेयर चुना, जिसके बाद ये हंगामा हुआ और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मेयर सबरजीत कौर के पास मौजूद आप और भाजपा के पार्षदों को हटाया।

यह भी पढ़ें- BJP सांसद ने नड्डा से की CM योगी को मथुरा से चुनाव लड़ाने की मांग, दावा किया भगवान श्रीकृष्ण ने पत्र लिखने के लिए किया प्रेरित